लवन। राष्ट्रीय पक्षी अवलोकन दिवस के अवसर पर शासकीय महाविद्यालय लवन के प्राणीशास्त्र विभाग द्वारा विभिन्न जागरूकता एवं शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। प्रख्यात पक्षी विज्ञानी डॉ. सलीम अली की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पक्षियों के प्रति रुचि बढ़ाने और जैव विविधता संरक्षण के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम प्रभारी प्राचार्य वाय.आर. महिलाने के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों ने लवन के जोगी सरोवर और महाविद्यालय परिसर में पक्षियों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न पक्षी प्रजातियों की पहचान की और परिसर में मौजूद पक्षी विविधता को समझते हुए अनुभवात्मक शिक्षा प्राप्त की।

विशेषज्ञ हेमंत वर्मा ने विद्यार्थियों को पक्षियों की मूलभूत विशेषताओं, चोंच के प्रकार, घोंसले बनाने की प्रक्रिया, पंखों की संरचना और उनके व्यवहार के बारे में जानकारी दी। साथ ही प्रकृति फोटोग्राफी पर प्रस्तुतीकरण के माध्यम से पक्षियों एवं प्राकृतिक दृश्यों की बेहतर तस्वीरें लेने के उपयोगी तरीके भी बताए।

इस अवसर पर पक्षी पोस्टर पेंटिंग और पक्षी प्रजाति पहचान प्रतियोगिता आयोजित की गई। पेंटिंग प्रतियोगिता में तनिषा साहू ने प्रथम और मीरा साहू ने द्वितीय स्थान हासिल किया। वहीं पक्षी प्रजाति पहचान प्रतियोगिता में जीवन लाल यादव प्रथम तथा कुमारी गुंजा वर्मा द्वितीय स्थान पर रहीं।
प्राणीशास्त्र विभागाध्यक्ष अजय मिश्रा ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता, पक्षियों के अवलोकन की रुचि और जैव विविधता के संरक्षण की भावना विकसित करना है।
कार्यक्रम में स्ववित्तीय शिक्षक प्रांजल पाण्डेय सहित बीएससी एवं एमएससी प्राणीशास्त्र के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


