23 Sep 2026, Wed
Breaking

सरकारी स्कूल में शराब-चिकन पार्टी, VIDEO: सक्ती में 5 शिक्षक और स्वीपर ने स्कूल परिसर में छलकाए जाम, ग्रामीणों ने पकड़ा तो हाथ जोड़कर मांगी माफी

सक्ती, 08 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के एक सरकारी स्कूल में शराब और चिकन पार्टी का मामला सामने आया है। मालखरौदा ब्लॉक के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल किरारी में छुट्टी के बाद पांच शिक्षक और एक स्वीपर के पार्टी करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में टेबल पर शराब की बोतल, गिलास और प्लेट में चिकन नजर आ रहा है।

बताया जा रहा है कि यह वीडियो करीब एक सप्ताह पुराना है। स्कूल की छुट्टी के बाद कुछ कर्मचारी स्कूल परिसर में बैठकर शराब और नॉनवेज पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान कुछ ग्रामीण वहां पहुंच गए और उन्होंने पूरी घटना का वीडियो बना लिया।

ग्रामीणों को देखकर हाथ जोड़ने लगा शिक्षक

वीडियो में कुछ शिक्षक टेबल के आसपास बैठे दिखाई दे रहे हैं। ग्रामीणों के पहुंचने और वीडियो बनाने के बाद एक शिक्षक खड़े होकर हाथ जोड़कर माफी मांगता नजर आया। वीडियो में टेबल पर शराब की बोतल और चिकन की प्लेट भी साफ दिखाई दे रही है।

ग्रामीणों का दावा है कि स्कूल परिसर में इस तरह की पार्टी पहले भी की जा चुकी है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला शिक्षा विभाग तक पहुंचा।

5 शिक्षकों और स्वीपर को कारण बताओ नोटिस

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी कुमुदिनी द्विवेदी ने वीडियो में नजर आ रहे पांच शिक्षकों और एक स्वीपर को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। सभी संबंधित कर्मचारियों से तीन दिन के भीतर जवाब मांगा गया है।

डीईओ ने बताया कि कर्मचारियों का जवाब मिलने के बाद मामले की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शिक्षा विभाग ने संबंधित कर्मचारियों से घटना को लेकर उनका पक्ष मांगा है।

पढ़ें   साड़ी खरीद में बड़ा बदलाव: लक्ष्मी राजवाड़े का फैसला, अब आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के खातों में सीधे पहुंचेगी राशि

सरकारी स्कूल में पार्टी पर उठे सवाल

स्कूल परिसर में शराब और नॉनवेज पार्टी का वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा व्यवस्था और सरकारी संस्थानों में कर्मचारियों के आचरण को लेकर सवाल उठ रहे हैं। अब विभागीय जांच और कर्मचारियों के जवाब के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि मामले में आगे क्या कार्रवाई की जाती है।

Share

 

 

 

 

 

You Missed