बिलासपुर/कोटा, 16 अगस्त 2026। नमामि गंगे के ‘हर घाट तिरंगा’ एवं ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत बिलासपुर जिले के कोटा क्षेत्र के ग्राम गोबरीपाट में जनजातीय बच्चों, छात्र-छात्राओं और युवाओं ने भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा का नेतृत्व भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने किया।
तिरंगा यात्रा में बच्चों और विद्यार्थियों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर उत्साह एवं राष्ट्रभक्ति के साथ भाग लिया। इस दौरान देशभक्ति के साथ जल संरक्षण, नदी-घाटों की स्वच्छता और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संदेश भी दिया गया।

प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। राष्ट्र के प्रति प्रेम और जिम्मेदारी के साथ हमें अपनी जल एवं प्राकृतिक धरोहरों की रक्षा का संकल्प भी लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि जल की प्रत्येक बूंद अनमोल है और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए जल संरक्षण बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज सदियों से जल, जंगल और जमीन के संरक्षण की परंपरा से जुड़ा रहा है। ऐसे में जनजातीय बच्चों और युवाओं की तिरंगा यात्रा में सहभागिता राष्ट्रभक्ति के साथ पर्यावरण एवं जल संरक्षण के प्रति जागरूकता का प्रेरक संदेश है।
गोबरीपाट स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में भाजपा एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के अंतर्गत आयोजित हर घर तिरंगा अभियान कार्यक्रम में भी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम में बच्चों और विद्यार्थियों को जल की बर्बादी रोकने, जल स्रोतों को स्वच्छ रखने, नदियों एवं घाटों की सफाई बनाए रखने तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों ने तिरंगे के सम्मान के साथ स्वच्छ जल और सुरक्षित पर्यावरण के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।
प्रबल प्रताप सिंह जूदेव के नेतृत्व में निकली यह तिरंगा यात्रा राष्ट्रभक्ति, जनजातीय गौरव और जल संरक्षण के संदेश का संगम बनी। नन्हे हाथों में लहराता तिरंगा और जल संरक्षण का संकल्प लोगों को यह संदेश देता रहा कि आज के बच्चे ही कल के स्वच्छ, सुरक्षित और सशक्त भारत के निर्माता हैं।
“नन्हे कदम बढ़ाएँ आगे, तिरंगे की शान लिए,
जल की हर बूंद बचाएँ, दिल में हिंदुस्तान लिए।” 🇮🇳🌊





