8 Oct 2026, Thu
Breaking

प्रतिमाओं की गरिमा से खिलवाड़ पर होगी कार्रवाई, नगरीय निकाय बनाएंगे सूची और जिम्मेदारी; हर तीन महीने में शासन को देनी होगी रिपोर्ट

बिलासपुर, 24 अगस्त 2026। महापुरुषों और महान विभूतियों की प्रतिमाओं के संरक्षण, सुरक्षा और रखरखाव को लेकर नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। 19 अगस्त 2026 को जारी परिपत्र के तहत सभी नगरीय निकायों को अपने क्षेत्र में स्थापित प्रतिमाओं की सूची तैयार कर उनकी देखरेख की जिम्मेदारी तय करनी होगी।

प्रत्येक प्रतिमा का नियमित निरीक्षण कराया जाएगा। प्रतिमाओं की जरूरत के अनुसार सफाई, धुलाई, पेंटिंग और पालिशिंग कराई जाएगी। प्रतिमा स्थल के आसपास भी साफ-सफाई बनाए रखना अनिवार्य होगा। यहां कचरा, अतिक्रमण, अनावश्यक पोस्टर-बैनर और विज्ञापन लगाने पर रोक रहेगी। अनधिकृत निर्माण और अवैध पार्किंग की भी अनुमति नहीं होगी।

प्रतिमाओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बाड़ और रेलिंग लगाने के निर्देश दिए गए हैं। चबूतरे, फर्श, चारदीवारी, टाइल्स, सीढ़ियों और रेलिंग की आवश्यकता के अनुसार मरम्मत कराई जाएगी। साथ ही प्रतिमा परिसर का रंग-रोगन और सुंदरीकरण भी सुनिश्चित किया जाएगा।

हर प्रतिमा पर लगेगी परिचय पट्टिका

शासन ने प्रत्येक प्रतिमा के पास संबंधित महापुरुष का संक्षिप्त परिचय देने वाली पट्टिका लगाने के निर्देश दिए हैं। पुरानी या क्षतिग्रस्त पट्टिकाओं को बदला जाएगा। रात में प्रतिमा स्पष्ट दिखाई दे, इसके लिए पर्याप्त विद्युत प्रकाश व्यवस्था भी सुनिश्चित करनी होगी।

जयंती-पुण्यतिथि पर होगी विशेष व्यवस्था

महापुरुषों की जयंती, पुण्यतिथि और अन्य महत्वपूर्ण अवसरों पर प्रतिमा स्थलों की विशेष सफाई, सजावट और रोशनी की व्यवस्था की जाएगी। इसकी निगरानी के लिए प्रत्येक नगरीय निकाय को नोडल अधिकारी नियुक्त करना होगा। साथ ही प्रतिमाओं के रखरखाव के लिए वार्षिक कार्ययोजना भी तैयार करनी होगी।

तीन महीने में भेजनी होगी अनुपालन रिपोर्ट

सभी नगरीय निकायों को अपने क्षेत्र की प्रतिमाओं की सूची, उनकी वर्तमान स्थिति और रखरखाव से जुड़ी जानकारी का त्रैमासिक अनुपालन प्रतिवेदन क्षेत्रीय कार्यालय के संचालक को भेजना होगा। शासन ने यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कर दी है। इसका उद्देश्य महापुरुषों की प्रतिमाओं की गरिमा बनाए रखने के साथ उनके स्थलों को सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित रखना है।

Share
पढ़ें   बिहार में RAHUL GANDHI की 'वोटर अधिकार यात्रा' आज से : वोट चोरी का आरोप लगाते और S.I.R. के खिलाफ 1300 किलोमीटर की यात्रा, एक सितंबर को पटना में बड़े सभा के साथ होगी समाप्ति

 

 

 

 

 

You Missed