10 Oct 2026, Sat
Breaking

बलरामपुर के त्रिकुंडा बांध में हादसा, लीकेज ठीक करने पानी में उतरे बुजुर्ग की डूबकर मौत; जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग

बलरामपुर, 26  अगस्त 2026। जिले के त्रिकुंडा थाना क्षेत्र के नावाडीह गांव स्थित त्रिकुंडा जलाशय बांध में लीकेज ठीक करने के दौरान एक बुजुर्ग की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक के परिजनों ने बिना पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम के उन्हें पानी में उतारने का आरोप लगाया है। परिजनों ने मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

बताया जा रहा है कि बांध में लीकेज की समस्या को ठीक करने के लिए बुजुर्ग को बुधवार को पानी में उतारा गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में डूब गए। हादसे में उनकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि बुजुर्ग की तबीयत पहले से ठीक नहीं थी, इसके बावजूद उन्हें काम के लिए बांध में उतारा गया।

घटना के बाद थाने पहुंचे सिंचाई विभाग के अधिकारी

हादसे की जानकारी मिलते ही सिंचाई विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। गांव में घटना की जानकारी लेने के बाद अधिकारी त्रिकुंडा थाने पहुंचे, जहां मामले को लेकर आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई।

सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल

मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि लीकेज वाले हिस्से में काम कराने के दौरान पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई थी। उनका कहना है कि यदि सुरक्षा के जरूरी इंतजाम किए गए होते तो हादसे को टाला जा सकता था।

फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह और जिम्मेदारी तय हो सकेगी। पुलिस घटनाक्रम से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है।

Share
पढ़ें   रायपुर में ऑर्थोपेडिक क्रांति: नई तकनीक से फ्रैक्चर मरीज ऑपरेशन के दूसरे दिन से चलने लगे, 500 डॉक्टरों ने साझा किए अनुभव