1 Sep 2026, Tue
Breaking

रिफंड के नाम पर मांगा OTP, खाते से कट गए 90 हजार: रायपुर में होटल बुकिंग के बहाने महिला डॉक्टर से कुल 96,689 रुपये की ठगी

रायपुर, 01 सितम्बर 2026। राजधानी में होटल बुकिंग के नाम पर महिला डॉक्टर से साइबर ठगी का मामला सामने आया है। साइबर ठग ने खुद को मैरियट होटल का कर्मचारी बताकर सस्ते में कमरा बुक कराने और मेंबरशिप दिलाने का झांसा दिया। इसके बाद QR Code, UPI और OTP के जरिए महिला के क्रेडिट कार्ड से कुल 96,689 रुपये निकाल लिए गए।

Google पर होटल का नंबर तलाशने के बाद आया फोन

पुलिस के मुताबिक, VIP सिटी सड्डू निवासी सोनल अग्रवाल डॉक्टर हैं। उन्हें 28 और 29 अगस्त के लिए मैरियट होटल में कमरा बुक कराना था। इसके लिए उन्होंने 27 अगस्त को Google पर होटल का नंबर तलाशकर संपर्क किया। कॉल रिसीव नहीं होने के कुछ देर बाद उनके मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया।

फोन करने वाले ने अपना नाम निशांत अग्रवाल बताया और खुद को मैरियट होटल का कर्मचारी बताया। उसने महिला को होटल की मेंबरशिप लेने पर कम कीमत में कमरा बुक कराने का भरोसा दिलाया।

 

 

QR Code से कराया 4,400 रुपये का भुगतान

आरोपित ने बुकिंग और मेंबरशिप के नाम पर महिला को 4,400 रुपये का QR Code भेजा। भुगतान करने में परेशानी होने पर उसने एक UPI ID भेजकर उस पर रकम जमा करने को कहा। महिला ने बताए गए तरीके से भुगतान कर दिया।

इसके बाद ठग ने रकम वापस करने यानी रिफंड के नाम पर महिला से OTP मांगना शुरू कर दिया।

रिफंड के बहाने मांगे OTP

महिला ने OTP देने से पहले उससे पूछा कि रिफंड के लिए OTP की जरूरत क्यों है। इस पर आरोपी ने भरोसा दिलाया कि OTP केवल मेंबरशिप कार्ड की प्रक्रिया के लिए जरूरी है। उसने यह भी कहा कि 4,400 रुपये उनके कार्ड में जमा हो चुके हैं।

पढ़ें   युवा फेस्ट 2026 का असर: AI वर्कशॉप से 12वीं के छात्र को बेंगलुरु में इंटर्नशिप, स्थानीय मंच से मिली राष्ट्रीय पहचान

महिला ने आरोपी के कहने पर OTP साझा कर दिए। इसके बाद उसने दो और OTP मांगे।

तीन ट्रांजेक्शन में कटे 96,689 रुपये

उस समय मोबाइल नेटवर्क कमजोर होने के कारण महिला के फोन पर बैंक के ट्रांजेक्शन संबंधी मैसेज तत्काल नहीं आए। कुछ देर बाद बैंक का संदेश आने पर उन्हें पता चला कि उनके क्रेडिट कार्ड से बड़ी रकम निकाल ली गई है।

जांच करने पर सामने आया कि तीन अलग-अलग ट्रांजेक्शन में कुल 96,689 रुपये निकाले गए हैं।

  • पहला ट्रांजेक्शन: 4,400 रुपये
  • दूसरा ट्रांजेक्शन: 90,489 रुपये
  • तीसरा ट्रांजेक्शन: 1,800 रुपये

आरोपी ने फोन उठाना किया बंद

ठगी का पता चलने के बाद सोनल अग्रवाल ने आरोपी निशांत अग्रवाल से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसने फोन उठाना बंद कर दिया। इसके बाद महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

विधानसभा पुलिस ने मोबाइल नंबर धारक के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी तक पहुंचने के लिए मोबाइल नंबर समेत अन्य तकनीकी जानकारी खंगाली जा रही है।

सावधानी जरूरी

इस घटना से एक बार फिर ऑनलाइन होटल बुकिंग के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत सामने आई है। किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर OTP, UPI PIN या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। होटल की बुकिंग के लिए हमेशा उसके आधिकारिक माध्यम से ही संपर्क करना सुरक्षित रहता है।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed