1 Sep 2026, Tue
Breaking

रायपुर में 2021 से लापता युवक का अब तक सुराग नहीं: संजय तालाब में मिली बुलेट, पुलिस ने अपहरण का अपराध दर्ज किया

रायपुर, 01 सितंबर 2026। मुजगहन थाना क्षेत्र के ग्राम सिवनी से करीब साढ़े पांच साल पहले लापता हुए टीकम सिंह ठाकुर उर्फ राजू के मामले में पुलिस ने अब अपहरण का अपराध दर्ज किया है। गुम इंसान की जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और परिस्थितियों के आधार पर पुलिस को युवक के अपहरण की आशंका है।

रिखीराम से मिलने की बात कहकर निकले थे

पुलिस के मुताबिक, टीकम सिंह ठाकुर 27 जनवरी 2021 की शाम करीब 7 बजे अपनी पत्नी सुमनलता को यह बताकर घर से निकले थे कि वह रिखीराम पटेल से मिलने जा रहे हैं। टीकम ने बताया था कि उनका पैसा लगा हुआ है और रकम देने के लिए रिखीराम ने उन्हें फार्म हाउस के पास बुलाया है।

टीकम अपनी बुलेट बाइक से घर से निकले थे। घर से निकलने के दौरान वह मोबाइल फोन पर बातचीत भी कर रहे थे। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटे।

 

 

रात 9:05 बजे के बाद मोबाइल हुआ बंद

काफी देर तक टीकम के घर नहीं लौटने पर रात करीब 9:05 बजे पत्नी और स्वजनों ने उनके मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की। फोन रिसीव नहीं हुआ और कुछ देर बाद मोबाइल बंद हो गया।

परिजनों ने रिखीराम पटेल से भी संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। इसके बाद स्वजन उसके घर पहुंचे, लेकिन वहां भी वह नहीं मिला।

परिजनों ने टीकम की आसपास के इलाकों, रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला।

पांच साल बाद तालाब में मिली बुलेट

मामले में करीब साढ़े पांच साल बाद जून 2026 में अहम सुराग सामने आया। टीकम जिस बुलेट बाइक से 27 जनवरी 2021 को घर से निकले थे, वही बाइक 13 जून 2026 को संजय तालाब में संदिग्ध परिस्थितियों में डूबी हुई मिली।

पढ़ें   तीन दिन में 3 लाख टन पार पहुंची धान खरीदी, किसानों को 502.53 करोड़ रुपये का भुगतान, दूसरे राज्यों से धान की आवक रोकने के लिए चेक पोस्ट पर कड़ी निगरानी

बुलेट मिलने के बाद पुलिस ने मामले की परिस्थितियों और जांच के दौरान सामने आए तथ्यों को गंभीरता से लिया। बाइक का लापता युवक से संबंध सामने आने के बाद पुलिस ने अपहरण की आशंका जताई।

अज्ञात आरोपित के खिलाफ केस दर्ज

पुलिस ने अब अज्ञात आरोपित के खिलाफ अपहरण का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, 27 जनवरी 2021 को लापता होने के बाद से अब तक टीकम सिंह ठाकुर उर्फ राजू का कोई पता नहीं चल पाया है।

तालाब से मिली बुलेट को मामले की अहम कड़ी माना जा रहा है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बाइक तालाब तक कैसे पहुंची और युवक के साथ उस रात वास्तव में क्या हुआ था।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed