5 Sep 2026, Sat
Breaking

रायपुर में भाजपा ओबीसी मोर्चा का प्रबुद्धजन सम्मान सम्मेलन : CM साय मुख्य अतिथि, तोखन साहू समेत वरिष्ठ नेता होंगे शामिल

रायपुर, 05 सितम्बर 2026। भारतीय जनता पार्टी ओबीसी मोर्चा के तत्वावधान में 7 सितंबर को रायपुर के पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, साइंस कॉलेज परिसर में प्रबुद्धजन सम्मान एवं कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू सम्मेलन की अध्यक्षता करेंगे, जबकि प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय मुख्य वक्ता होंगे।

भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश महामंत्री अशोक सिन्हा ने पत्रकार वार्ता में आयोजन की जानकारी देते हुए बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रबुद्धजनों का सम्मान करना और पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा व उत्साह का संचार करना है।

उन्होंने कहा कि सम्मेलन के जरिए सामाजिक सहभागिता को मजबूत करने, प्रबुद्ध वर्ग और संगठन के बीच संवाद को प्रभावी बनाने तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहे ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया जाएगा।

 

 

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, कैबिनेट मंत्री ओपी चौधरी, श्यामबिहारी जायसवाल, लक्ष्मी राजवाड़े और टंकराम वर्मा सहित भाजपा के प्रदेश एवं जिला पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े प्रबुद्धजन मौजूद रहेंगे।

शिक्षा से संस्कृति तक योगदान देने वालों का होगा सम्मान

ओबीसी मोर्चा के प्रदेश महामंत्री ने बताया कि सम्मेलन केवल संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि समाज और प्रदेश के निर्माण में योगदान देने वाले लोगों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर भी है। शिक्षा, चिकित्सा, प्रशासन, व्यवसाय, सामाजिक सेवा, कृषि और संस्कृति समेत विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रबुद्धजनों को सम्मानित किया जाएगा।

पढ़ें   CG विधानसभा मानसून सत्र : 63 ध्यानाकर्षण, 8 याचिकाएं और कई अहम विधेयक... मानसून सत्र के चौथे दिन गरमाएगा विधानसभा का माहौल

सम्मेलन में रायपुर संभाग के विभिन्न जिलों से भाजपा ओबीसी मोर्चा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल होंगे। कार्यक्रम को लेकर आमंत्रण, अतिथि समन्वय, बैठक व्यवस्था, मंच, स्वागत, यातायात और कार्यकर्ताओं की सहभागिता से जुड़ी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

पत्रकार वार्ता में ओबीसी मोर्चा के रायपुर संभाग प्रभारी चुन्नीलाल साहू, प्रदेश उपाध्यक्ष देवदत्त साहू, रायपुर जिला अध्यक्ष अखिलेश कश्यप और प्रदेश मीडिया सह प्रभारी श्रवण यदु मौजूद रहे।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed