8 Sep 2026, Tue
Breaking

फिंगेश्वर-महासमुंद मार्ग पर बड़ा हादसा : सीमेंट लदी ट्रक पुलिया के पास पलटी; चालक फरार, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठे सवाल

राजिम, 08 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ के राजिम क्षेत्र में सोमवार देर रात फिंगेश्वर-महासमुंद मुख्य मार्ग पर ग्राम भेंद्ररी के पास बड़ा सड़क हादसा हो गया। सीमेंट से भरी एक ट्रक अनियंत्रित होकर पुलिया के पास पलट गई। हादसे के बाद ट्रक में लदा सीमेंट सड़क पर बिखर गया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।

जानकारी के अनुसार, सीमेंट से लदी ट्रक फिंगेश्वर-महासमुंद मार्ग से गुजर रही थी। इसी दौरान भेंद्ररी गांव के पास पुलिया पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद ट्रक अनियंत्रित होकर पुलिया के पास पलट गई। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने शुरू की जांच

हादसे की सूचना मिलते ही फिंगेश्वर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा तेज रफ्तार, चालक की लापरवाही या किसी अन्य कारण से हुआ।

 

 

प्रारंभिक जांच में चालक की लापरवाही की आशंका जताई जा रही है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

पुलिया पर रेलिंग नहीं होने से बढ़ा खतरा

हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने भेंद्ररी पुलिया की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया पर रेलिंग नहीं होने के कारण यहां हमेशा दुर्घटना का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, इससे पहले भी कई वाहन यहां अनियंत्रित होकर नीचे गिर चुके हैं।

पढ़ें   रायगढ़ में इंस्टाग्राम लव ट्रैप का खुलासा: शादी का झांसा देकर बनाया संबंध, गर्भवती होने पर छोड़ा; आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार

ग्रामीणों ने प्रशासन से पुलिया पर रेलिंग लगाने के साथ सुरक्षा संकेतक लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में बड़े हादसों को रोका जा सके।

बड़े हादसे से पहले सुरक्षा इंतजाम की मांग

फिंगेश्वर-महासमुंद मार्ग क्षेत्र का प्रमुख आवागमन मार्ग है और यहां रोजाना बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। ऐसे में पुलिया जैसे संवेदनशील स्थान पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने से दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।

फिलहाल पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश जारी है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed