9 Sep 2026, Wed
Breaking

बिलासपुर में तालाब में मिला 3 दिन से लापता किन्नर का शव, आखिरी बार कार सवार दो युवकों से हुई थी बातचीत, हत्या की आशंका

बिलासपुर, 09 सितम्बर 2026। सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम पेंडारी में मुरुम खदान से बने तालाब में मंगलवार को 3 दिन से लापता किन्नर का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान मन्नू चौक निवासी सागर पासी उर्फ शैगी (28) के रूप में हुई है। शव करीब 72 घंटे पुराना होने के कारण डिकंपोज होना शुरू हो गया था। इस वजह से शरीर पर चोट के निशान स्पष्ट नहीं हो सके हैं।

किन्नर समुदाय ने सागर की हत्या की आशंका जताई है। हालांकि, पुलिस की शुरुआती जांच में तालाब में डूबने से मौत होने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस फिलहाल हत्या और हादसा, दोनों पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

दोस्त के साथ गया था कोरी डैम

पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि सागर रविवार सुबह स्कूटी लेकर घर से निकला था। इसके बाद वह अपने एक साथी के साथ कोटा स्थित कोरी डैम पहुंचा। वहां दोनों ने शराब पी। लौटते समय गनियारी से दोबारा शराब खरीदी और पेंडारी तालाब के पास बैठकर रात करीब 9 बजे तक शराब पीते रहे।

 

 

कार सवार दो युवकों से हुई आखिरी बातचीत

जांच में यह भी सामने आया है कि तालाब के पास कार से दो युवक पहुंचे थे। उन्होंने सागर से सिगरेट मांगी। इसके बाद सागर उनके पास गया और दोनों युवकों से बातचीत करने लगा।

कुछ देर बाद सागर ने अपने साथी से कहा कि उसका मोबाइल बंद होने वाला है। उसने अपना मोबाइल और स्कूटी साथी को दे दी और उसे घर जाने के लिए कहा। इसके बाद सागर के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली।

पढ़ें   बिलासपुर हाईकोर्ट का सख्त रुख: भारतमाला घोटाले में राजस्व अधिकारियों की अग्रिम जमानत खारिज, EOW की कार्रवाई तेज

2019 से किन्नर समुदाय के साथ रह रहा था

सागर वर्ष 2019 से किन्नर समुदाय के साथ रह रहा था। पुलिस के अनुसार, सकरी क्षेत्र में पहले भी एक किन्नर की हत्या की घटना सामने आ चुकी है। इसके अलावा किन्नर समुदाय के बीच वर्चस्व को लेकर विवाद की बात भी सामने आई है। इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए समुदाय के लोगों ने सागर की मौत को लेकर हत्या की आशंका जताई है।

पीएम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह

एडिशनल एसपी पंकज पटेल ने बताया कि शव लगभग 72 घंटे पुराना है और लंबे समय तक पानी में रहने के कारण डिकंपोज हो चुका है। ऐसे में शरीर पर चोट के निशान स्पष्ट नहीं हो पा रहे हैं।

पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पीएम रिपोर्ट और कार सवार युवकों से पूछताछ के बाद मौत की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है। पुलिस तकनीकी जांच के साथ घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है। फिलहाल पुलिस मामले की हर संभावित दिशा से जांच कर रही है।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed