रायपुर, 09 सितम्बर 2026
रायपुर में DRI ने दो ट्रकों से 375.95 किलो गांजा जब्त कर 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया। देशभर में चलाए अभियान में कुल 709.6 किलो गांजा, 24.6 किलो हाइड्रोपोनिक गांजा और 5 किलो चरस बरामद हुई। 13 आरोपी गिरफ्तार किए गए, जबकि पटना में कार्रवाई के दौरान DRI का एक अधिकारी घायल हो गया।
रायपुर में 8 सितंबर को पुराने धमतरी रोड के पास विशाखापट्टनम से आ रहे दो ट्रकों की तलाशी में 10 बोरियों से 61 पैकेट गांजा मिला। इससे पहले 26 अगस्त को भी करीब 124 किलो गांजा जब्त किया गया था।

पटना में DRI टीम ने एक ट्रक से 140.5 किलो गांजा बरामद किया, लेकिन कार्रवाई के दौरान टीम पर हमला हुआ और एक अधिकारी घायल हो गया। लुधियाना में कार की विशेष फ्लोर कैविटी से 69 किलो गांजा मिला।
गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर नेपाल से तस्करी कर लाई गई 5 किलो चरस बरामद हुई। वहीं हैदराबाद और बेंगलुरु एयरपोर्ट पर वियतनाम और थाईलैंड से पहुंचे यात्रियों के पास से 24.6 किलो हाई-ग्रेड हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त किया गया।
DRI ने कहा कि सड़क, रेल और हवाई मार्गों से होने वाली मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ खुफिया जानकारी के आधार पर अभियान जारी रहेगा।





