केशकाल, 12 सितंबर 2026। शनिवार सुबह स्कूल जाते समय हाई स्कूल कुएंमारी में पदस्थ अंग्रेजी शिक्षक धर्मेंद्र दास वैष्णव तेज बहाव वाले नाले की चपेट में आ गए। अचानक पानी बढ़ने से शिक्षक बाइक समेत बहने लगे। उन्होंने किसी तरह अपनी जान बचा ली, लेकिन बाइक पानी के तेज बहाव में बह गई।
घटना सुबह करीब 7:30 बजे की बताई जा रही है। हादसे के बाद शिक्षक और स्थानीय लोगों ने बाइक की तलाश शुरू की। करीब डेढ़ घंटे बाद बाइक एक पेड़ में फंसी हुई मिली। इसके बाद स्थानीय निवासी, कुएंमारी संकुल और बावनीमारी संकुल के शिक्षक मौके पर पहुंचे। सभी ने रस्सी के सहारे बाइक को बांधा और काफी मशक्कत के बाद उसे नाले से बाहर निकाला।

आगे करीब 100 फीट गहरा जलप्रपात
घटनास्थल के आगे करीब 100 फीट गहरा जलप्रपात बताया जा रहा है। यदि शिक्षक और बाइक पानी के साथ आगे बह जाते तो बड़ा हादसा हो सकता था। शिक्षक के सुरक्षित बचने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।

ग्रामीणों ने छोटी पुलिया पर उठाए सवाल
ग्रामीणों का कहना है कि यहां बड़ी और सुरक्षित पुलिया की जरूरत है, लेकिन वर्तमान में छोटी पुलिया बनी हुई है। पुलिया के बीच गड्ढा होने के कारण बारिश के दौरान तेज बहाव में पानी की गहराई और सड़क की स्थिति का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मौके का निरीक्षण कर पुलिया की तकनीकी जांच कराने और जरूरत के अनुसार बड़ी एवं सुरक्षित पुलिया बनाने की मांग की है।
बड़े हादसे का इंतजार न करने की मांग
ग्रामीणों ने कहा कि शनिवार की घटना में शिक्षक की जान बाल-बाल बची है। यदि बाइक पेड़ में नहीं अटकती तो शिक्षक और वाहन जलप्रपात की ओर बह सकते थे। ग्रामीणों ने बारिश के दौरान मार्ग पर चेतावनी संकेतक, बैरिकेडिंग और सुरक्षित पुलिया की व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।




