13 Sep 2026, Sun

छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय मंच पर बड़ी पहचान, ‘Best Emerging Tourist Destination’ अवॉर्ड; IATO सम्मेलन में दिखी प्रदेश की पर्यटन खूबसूरती

रायपुर, 13 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत और जनजातीय परंपराओं को राष्ट्रीय पर्यटन मंच पर पहचान मिली है। विशाखापट्टनम में आयोजित 41वें इंडियन एसोसिएशन ऑफ टूर ऑपरेटर्स (IATO) Annual Convention में छत्तीसगढ़ की पर्यटन संभावनाओं को देशभर से आए ट्रैवल एजेंट्स, टूर ऑपरेटर्स और पर्यटन उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों के सामने प्रस्तुत किया गया। सम्मेलन के दौरान छत्तीसगढ़ को ‘Best Emerging Tourist Destination’ के सम्मान से नवाजा गया।

विशाखापट्टनम के नोवोटेल वरुण बीच में 10 से 13 सितंबर तक आयोजित चार दिवसीय सम्मेलन की थीम ‘भारत—विश्व के पर्यटन अवसरों का अगला बड़ा केंद्र’ रही। इसमें देश में नए पर्यटन स्थलों के विकास, पर्यटन कारोबार को बढ़ावा देने और पर्यटन क्षेत्र में नए अवसरों पर चर्चा की गई।

प्राकृतिक और सांस्कृतिक पर्यटन की दिखाई झलक

सम्मेलन में छत्तीसगढ़ के जलप्रपात, वन्यजीव, पुरातात्विक धरोहर, जनजातीय संस्कृति और साहसिक पर्यटन स्थलों को वीडियो प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। बस्तर के जलप्रपात और घने जंगलों से लेकर सिरपुर की ऐतिहासिक विरासत और दंतेवाड़ा की धार्मिक पहचान तक प्रदेश की विविध पर्यटन संभावनाओं को सामने रखा गया।

ट्रैवल एजेंट्स और टूर ऑपरेटर्स को छत्तीसगढ़ को अपनी नई ट्रैवल इटिनरी में शामिल करने के लिए आमंत्रित किया गया। इस दौरान पर्यटन बोर्ड की ओर से प्रदेश में पर्यटन विकास के लिए किए जा रहे कार्यों और नए पर्यटन स्थलों की संभावनाओं की जानकारी भी दी गई।

केंद्रीय मंत्री सहित कई प्रतिनिधि हुए शामिल

सम्मेलन में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री श्री किंजरापु राम मोहन नायडू, आंध्र प्रदेश के पर्यटन, संस्कृति एवं छायांकन मंत्री श्री कंदुला दुर्गेश और आंध्र प्रदेश सरकार के विशेष मुख्य सचिव श्री शमशेर सिंह रावत सहित पर्यटन और यात्रा उद्योग से जुड़े कई प्रतिनिधि शामिल हुए।

पढ़ें   CG Job Alert: सरकारी नहीं, लेकिन शानदार मौका! 15 कंपनियां करेंगी भर्ती, 10वीं पास से प्रोफेशनल डिग्रीधारक तक कर सकते हैं आवेदन

छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष श्री नीलू शर्मा ने भी सम्मेलन में हिस्सा लिया और प्रदेश की पर्यटन संभावनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर सामने रखा। सम्मेलन के दौरान उन्हें सम्मानित भी किया गया।

पर्यटन कारोबार को लेकर B2B बैठकें

सम्मेलन के दौरान छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के पवेलियन में ट्रैवल एजेंट्स और टूर ऑपरेटर्स की उत्सुकता देखने को मिली। यहां पर्यटन प्रतिनिधियों के साथ B2B बैठकें हुईं, जिनमें छत्तीसगढ़ के पर्यटन पैकेज, डेस्टिनेशन और इटिनरी को लेकर चर्चा की गई।

इन बैठकों में पर्यटन कारोबार के लिए संभावित साझेदारी, नए पैकेज और प्रदेश के पर्यटन स्थलों को अधिक पर्यटकों तक पहुंचाने के तरीकों पर विचार हुआ।

11-12 सितंबर को भारतीय पर्यटन मेला

IATO सम्मेलन के साथ 11 और 12 सितंबर को भारतीय पर्यटन मेला भी आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न राज्यों के पर्यटन विभागों, ट्रैवल एजेंट्स और टूर ऑपरेटर्स ने हिस्सा लिया। आयोजन के दौरान पर्यटन कारोबार से जुड़े प्रतिनिधियों के बीच प्रत्यक्ष व्यावसायिक बैठकें और संपर्क कार्यक्रम हुए।

‘Best Emerging Tourist Destination’ सम्मान

13 सितंबर को आयोजित सम्मान समारोह में छत्तीसगढ़ को ‘Best Emerging Tourist Destination’ पुरस्कार प्रदान किया गया। छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड के प्रतिनिधियों ने मंच पर यह सम्मान प्राप्त किया।

इस सम्मान को प्रदेश की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विरासत, पर्यटन क्षेत्र में हो रहे विकास और राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती पहचान से जोड़कर देखा जा रहा है। पर्यटन क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों के बीच छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों की बढ़ती चर्चा से राज्य में पर्यटकों की संख्या, पर्यटन निवेश और स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ने की संभावनाएं हैं।

पढ़ें   पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दी श्रद्धांजलि, छत्तीसगढ़ को समर्पित 'अटल निर्माण वर्ष' का किया ऐलान

छत्तीसगढ़ में प्रकृति, इतिहास, धर्म, जनजातीय संस्कृति, वन्यजीव और लोक परंपराओं का समन्वय इसे एक अलग पर्यटन गंतव्य के रूप में पहचान देता है। IATO के राष्ट्रीय सम्मेलन में इन संभावनाओं की प्रस्तुति और ‘Best Emerging Tourist Destination’ सम्मान प्रदेश के पर्यटन क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में सामने आया है।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *