3 Nov 2026, Tue
Breaking

CG में युवाओं को कौशल का नया मंच: नवा रायपुर में 200 करोड़ से बनेगा NSTI, हर साल 4 हजार युवाओं को ट्रेनिंग

 

रायपुर, 16सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ में युवाओं को आधुनिक और रोजगारपरक कौशल प्रशिक्षण देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। नवा रायपुर अटल नगर के ग्राम तेंदुवा में नेशनल स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (NSTI) की स्थापना के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। इसके लिए भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमशीलता निदेशालय को 10 एकड़ भूमि निःशुल्क आवंटित की जाएगी।

करीब 200 करोड़ रुपये की लागत से विकसित होने वाले इस संस्थान में आधुनिक शैक्षणिक, प्रशासनिक और छात्रावास सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यहां दीर्घकालीन पाठ्यक्रमों में हर साल करीब 1 हजार, जबकि अल्पकालीन कार्यक्रमों में लगभग 3 हजार प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण दिया जा सकेगा।

युवाओं को मिलेगा रोजगारपरक प्रशिक्षण

बदलती औद्योगिक जरूरतों के बीच केवल शैक्षणिक डिग्री ही नहीं, बल्कि व्यावहारिक और तकनीकी कौशल की मांग लगातार बढ़ रही है। NSTI के माध्यम से युवाओं को आधुनिक तकनीक और उद्योग की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण देने की दिशा में काम होगा। इससे युवाओं को रोजगार के साथ उद्यमिता के अवसर भी मिल सकेंगे।

38 से बढ़ाकर 45 वर्ष हुई अधिकतम आयु सीमा

इसके साथ ही विभिन्न शासकीय एवं संबद्ध संस्थाओं में कार्यरत वर्गों के लिए अधिकतम आयु सीमा 38 वर्ष से बढ़ाकर 45 वर्ष करने का निर्णय लिया गया है। इससे अनुभव और कार्यकुशलता रखने वाले लोगों के लिए नई संभावनाएं बनेंगी।

वर्षों का कार्य अनुभव रखने वाले लोगों को नई जिम्मेदारियों में अवसर मिलने से उनकी व्यावहारिक समझ और क्षमता का बेहतर उपयोग किया जा सकेगा। वहीं युवा वर्ग नई तकनीक और नए विचारों के साथ योगदान दे सकता है।

पढ़ें   शहडोल में अपना दल (एस) की बड़ी बैठक : प्रदेश प्रभारी आर.बी. सिंह पटेल ने कार्यकर्ताओं में भरी ऊर्जा, संगठन को मजबूती और ओबीसी आरक्षण 27% पर दिया जोर

कौशल से आत्मनिर्भरता की राह

NSTI की स्थापना को युवाओं को कौशल, रोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। प्रशिक्षित युवा नौकरी तलाशने के साथ अपना उद्यम शुरू कर रोजगार देने वाला भी बन सकता है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में लिए गए इन निर्णयों के माध्यम से प्रदेश में युवा ऊर्जा और अनुभवी मानव संसाधन की क्षमता को साथ लाने पर जोर दिया गया है। सरकार का उद्देश्य कौशल को रोजगार से जोड़ते हुए प्रदेश के युवाओं और अनुभवी वर्ग के लिए अवसरों का विस्तार करना है।

Share

 

 

 

 

 

You Missed