दुर्ग, 18 सितम्बर 2026
दुर्ग जिले के रानीतराई थाना क्षेत्र में खारुन नदी के ओदरागहन एनीकट पर गुरुवार शाम बड़ा हादसा हो गया। एनीकट पार करते समय काई के कारण बाइक फिसल गई, जिससे बाइक सवार दो युवक नदी में जा गिरे। हादसे में एक युवक ने बाइक पकड़कर अपनी जान बचा ली, जबकि दूसरा तेज बहाव में बह गया।
घटना 17 सितंबर की शाम करीब 6 बजे की बताई जा रही है। दोनों युवक धमतरी जिले के तर्रा गोंदी गांव के रहने वाले थे और विश्वकर्मा जयंती का कार्यक्रम देखने आए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दोनों बाइक से ओदरागहन एनीकट के रास्ते खारुन नदी पार कर रहे थे।

बताया गया कि एनीकट के ऊपर करीब एक फीट पानी बह रहा था। पानी कम होने के कारण दोनों बाइक से एनीकट पार करने लगे, लेकिन सतह पर काफी काई जमा होने के कारण बाइक अचानक फिसल गई। संतुलन बिगड़ने से दोनों नदी में जा गिरे।

नदी में गिरने के बाद एक युवक ने बाइक को पकड़ लिया और किसी तरह नदी से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। वहीं दूसरा युवक तेज बहाव में बह गया। घटना की सूचना मिलते ही रानीतराई पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से उसकी तलाश शुरू की।
देर रात सूचना मिलने के कारण अंधेरे में रेस्क्यू अभियान शुरू नहीं हो सका। शुक्रवार 18 सितंबर को एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और नदी में तलाश शुरू की। दुर्ग एसडीआरएफ के डीप डाइवर राजकुमार यादव और ओंकार ने नदी में डीप डाइविंग कर सघन रेस्क्यू अभियान चलाया।
कड़ी मशक्कत के बाद एसडीआरएफ टीम ने नदी से सुरेंद्र कुमार यादव (38) का शव बरामद कर लिया। मृतक की पहचान पिता फिरंका यादव, निवासी ग्राम तर्रा गोंदी, थाना भखारा, जिला धमतरी के रूप में हुई है। शव को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।




