21 Sep 2026, Mon

मंत्रालय में नौकरी और पारिजात भवन का झांसा: धमतरी में महिला समेत 2 ने युवक से 9.08 लाख रुपए ठगे, 2.98 लाख लौटाए

धमतरी, 21 सितम्बर 2026। मंत्रालय में नौकरी और छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल का आवास दिलाने का झांसा देकर 9.08 लाख रुपए की ठगी करने के मामले में धमतरी पुलिस ने महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पीड़ित को पारिजात भवन दिलाने का भरोसा देकर अलग-अलग माध्यमों से रकम ली थी।

पुलिस के मुताबिक, बालोद जिले के गुरूर थाना क्षेत्र के भानपुरी निवासी 27 वर्षीय मनीष साहू की फरवरी 2024 में रुद्री रोड स्थित एक होटल में शशि प्रभा साहू और अमित कुमार देवांगन से मुलाकात हुई थी। दोनों ने खुद को मंत्रालय में कार्यरत बताया और छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल से पारिजात भवन का आवंटन कराने का झांसा दिया।

आरोपियों ने पीड़ित को विश्वास में लेने के लिए उसे मंत्रालय (महानदी भवन) भी ले जाकर बाहर खड़ा किया। इसके बाद पारिजात भवन की कीमत 14.12 लाख रुपए बताई गई। पीड़ित से बैंक खातों, फोन-पे, गूगल-पे और नकद के जरिए किश्तों में कुल 9 लाख 8 हजार रुपए लिए गए।

दो खाली चेक भी लिए

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पीड़ित से बैंक ऑफ बड़ौदा और स्टेट बैंक के दो खाली हस्ताक्षरित चेक भी ले लिए थे। जब पीड़ित को ठगी का पता चला और उसने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने 2 लाख 98 हजार 999 रुपए लौटा दिए, जबकि बाकी रकम वापस नहीं की।

इसके बाद पीड़ित ने धमतरी सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में धारा 318(4) और 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

तकनीकी साक्ष्यों और प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने शशि प्रभा साहू (50 वर्ष) और अमित कुमार देवांगन (38 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया गया।

Share
पढ़ें   CG में पुलिस विभाग की पोल खोलता वीडियो वायरल: सरगुजा के आरक्षक ने साथी पुलिसकर्मियों पर लगाए रिश्वत, प्रताड़ना और धोखाधड़ी के आरोप, मजबूर होकर नौकरी से दिया इस्तीफा

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *