रायपुर, 5 नवंबर। छत्तीसगढ़ में भाजपा किसान मोर्चा अब बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने की तैयारी में जुट गया है। इसके तहत प्रदेश के करीब 27 हजार मतदान केंद्रों पर किसान मितान का गठन किया जाएगा। प्रत्येक बूथ पर 10 कार्यकर्ताओं की टीम बनाई जाएगी, जो किसानों से सीधा संपर्क कर उनकी समस्याओं और जरूरतों को समझेगी तथा उनकी बात सरकार तक पहुंचाएगी।
इस संबंध में राजधानी रायपुर में भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बंशीलाल गुर्जर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह ठाकुर भी मौजूद रहे।

हर बूथ पर तैनात होंगे 10 कार्यकर्ता
बंशीलाल गुर्जर ने कहा कि भाजपा संगठन विस्तार के लिए नए प्रयोग कर रही है। किसान मितान के माध्यम से संगठन को मतदान केंद्र स्तर तक मजबूत किया जाएगा। प्रत्येक बूथ पर 10 कार्यकर्ता किसानों के बीच सक्रिय रहेंगे। उनकी जिम्मेदारी किसानों से लगातार संपर्क बनाए रखने, खेती-किसानी से जुड़ी समस्याओं को समझने और उन्हें सरकार तक पहुंचाने की होगी।

किसानों की आय बढ़ाने और फसल विविधीकरण पर जोर
गुर्जर ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों के हित में कई योजनाएं चला रही है। वहीं छत्तीसगढ़ सरकार भी भाजपा के घोषणा पत्र के अनुरूप किसानों की आर्थिक मजबूती के लिए काम कर रही है। प्रदेश में धान खरीदी के साथ कृषि क्षेत्र में फसल विविधीकरण यानी क्रॉप डाइवर्सिटी को बढ़ावा देने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में कई चुनौतियां हैं। किसानों की आमदनी दोगुनी करने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे। किसान मितान के जरिए किसानों को खेती-किसानी में बेहतर सहयोग देने और उनकी वास्तविक समस्याओं को समझने का काम किया जाएगा।
किसानों और सरकार के बीच बनेगा सीधा संवाद
भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने किसान मितान को नया कांसेप्ट बताते हुए कहा कि इसके माध्यम से गांवों और खेतों की जमीनी हकीकत सरकार तक पहुंचेगी। कार्यकर्ता किसानों की जरूरतों को समझेंगे और उनकी समस्याओं को संबंधित स्तर पर उठाएंगे। इससे किसानों और सरकार के बीच संवाद बेहतर होगा।
धान खरीदी की अंतर राशि पर भी दिया आश्वासन
धान खरीदी की अंतर राशि को लेकर किसानों की मांग पर बंशीलाल गुर्जर ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में किसानों को आदान सहायता के रूप में राशि दी गई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मुख्यमंत्री किसी भी किसान की राशि बकाया नहीं रखेंगे।
उन्होंने कहा कि धान खरीदी की अंतर राशि को लेकर किसानों की मांग को भाजपा किसान मोर्चा सरकार के सामने रखेगा। किसान हितों से जुड़े मुद्दों पर संगठन लगातार सरकार के साथ संवाद करता रहेगा।


