आरंग, 24 सितम्बर 2026। शासकीय बद्रीप्रसाद लोधी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, आरंग में आयोजित दीक्षारंभ एवं लोकार्पण समारोह के दौरान कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब की संवेदनशीलता देखने को मिली। कार्यक्रम में अतिथियों के पहुंचने में हुई देरी के कारण दूर-दराज से आए छात्र-छात्राओं को शाम होने के बाद घर लौटने की चिंता सताने लगी। स्थिति को देखते हुए मंत्री ने तत्काल छात्राओं के सुरक्षित परिवहन की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने मंच से ही नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन को छात्र-छात्राओं को सुरक्षित उनके घर पहुंचाने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इसके बाद नगर पालिका अध्यक्ष ने तत्काल अपनी दो निजी बसें महाविद्यालय परिसर में मंगवाईं, जिनसे छात्र-छात्राओं को उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया।

मंत्री ने कुछ छात्राओं को अपने शासकीय काफिले के वाहनों से भी घर भेजने की व्यवस्था कराई। वहीं, नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन ने भी कई छात्राओं को अपने निजी वाहन से उनके गंतव्य तक पहुंचाया।

बताया गया कि महाविद्यालय में आसपास के गांवों के साथ-साथ दूर-दराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं पढ़ने आते हैं। कई विद्यार्थी करीब 25 किलोमीटर दूर से कार्यक्रम में पहुंचे थे। कार्यक्रम में देरी होने के कारण शाम के समय परिवहन साधन नहीं मिलने की आशंका से विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों की चिंता बढ़ रही थी।
समारोह में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा, छत्तीसगढ़ चर्म शिल्पकार विकास बोर्ड के अध्यक्ष ध्रुव कुमार मिर्धा और नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन सहित क्षेत्र के कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि एवं अतिथि मौजूद रहे।
मंत्री गुरु खुशवंत साहेब और नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन की इस त्वरित पहल के बाद छात्र-छात्राओं को सुरक्षित घर पहुंचाया गया। महाविद्यालय प्रबंधन, विद्यार्थियों और अभिभावकों ने इस व्यवस्था के लिए जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार जताया।




