24 Sep 2026, Thu
Breaking

नोएडा में चलती AC स्लीपर बस में भीषण आग, 9 यात्री जिंदा जले; 35 सवारियों में मची चीख-पुकार, खिड़कियां तोड़कर बचाई जान

नई दिल्ली, 24 सितम्बर 2026

नोएडा के यमुना एक्सप्रेस-वे पर बुधवार देर रात एक चलती प्राइवेट स्लीपर AC बस में भीषण आग लग गई। हादसे में 9 यात्रियों की जलकर मौत हो गई, जबकि कई यात्रियों ने खिड़कियां तोड़कर कूदकर अपनी जान बचाई। बस में करीब 35 यात्री सवार थे।

हादसा जेवर एयरपोर्ट से करीब 500 मीटर दूर यमुना एक्सप्रेस-वे के किलोमीटर 33 के पास रात करीब 12 बजे हुआ। बस दिल्ली के कश्मीरी गेट से महोबा जा रही थी। आग लगते ही कुछ ही देर में पूरी बस धू-धूकर जलने लगी।

45 मिनट में आग पर पाया काबू

सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की 5 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद बस के पिछले हिस्से को काटकर अंदर फंसे यात्रियों और शवों को बाहर निकाला गया। रेस्क्यू ऑपरेशन करीब दो घंटे चला।

CFO नोएडा प्रदीप कुमार के मुताबिक, शुरुआती जांच में AC में स्पार्क या ब्लास्ट के कारण इंजन के लुब्रिकेंट ऑयल में आग लगने की बात सामने आई है। आग तेजी से पूरी बस में फैल गई। हादसे में 9 लोगों की मौत हुई है और शव बुरी तरह जल जाने के कारण उनकी पहचान में परेशानी आ रही है।

खिड़कियां तोड़कर बाहर निकले यात्री

हादसे के दौरान बस में ज्यादातर यात्री सो रहे थे। यात्री रिंकी राजपूत के मुताबिक, अचानक किसी ने उन्हें जगाकर बस में आग लगने की जानकारी दी। देखते ही देखते बस के अंदर धुआं भर गया और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

पढ़ें   सोनमणि बोरा ने ई-बस, पीएम आवास और वेस्ट-टू-एनर्जी की समीक्षा की, वित्तीय मॉडल और समयबद्ध काम पर दिया जोर

यात्रियों ने खिड़कियां तोड़ीं और कई लोग बस से कूदकर बाहर निकले। कुछ यात्रियों को बाहर निकलने में काफी परेशानी हुई। करीब 20 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

यात्री ने ड्राइवर पर लगाया लापरवाही का आरोप

हमीरपुर निवासी यात्री सुनील कुमार ने जेवर थाने में शिकायत देकर आरोप लगाया कि आग लगने से पहले बस से जलने की बदबू आ रही थी। यात्रियों ने ड्राइवर और कंडक्टर को इसकी जानकारी दी, लेकिन उन्होंने इसे गंभीरता से नहीं लिया।

सुनील के मुताबिक, कुछ देर बाद ड्राइवर की सीट के पास से आग की लपटें निकलने लगीं। यात्रियों ने बस रोकने के लिए कहा, लेकिन उनके आरोप के अनुसार चालक ने तत्काल बस नहीं रोकी। आग और धुआं बढ़ने के बाद यात्रियों ने खिड़कियां तोड़कर बाहर निकलना शुरू किया।

पुलिस ने ड्राइवर और कंडक्टर को हिरासत में लिया है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

CM योगी ने जताया दुख, 2-2 लाख मुआवजे का ऐलान

हादसे पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया है। राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

हादसे के बाद नोएडा से आगरा जाने वाली लेन को कुछ समय के लिए बंद किया गया। करीब 2:30 बजे के आसपास सिंगल लेन से यातायात शुरू कराया गया। मौके पर करीब 20 एंबुलेंस भी भेजी गईं।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *