30 Sep 2026, Wed
Breaking

बिलासपुर में विवाहिता की संदिग्ध मौत का राज खुला: दहेज के लिए गला घोंटा, आत्महत्या दिखाने फंदे पर लटकाया शव

बिलासपुर, 30 सितम्बर 2026। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक नवविवाहिता की गला घोंटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पति, देवर और सास ने पहले महिला के साथ मारपीट की और फिर गले में पट्टा डालकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को साड़ी के सहारे फंदे पर लटका दिया गया।

मामला सकरी थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने आरोपी पति, देवर और सास को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला घोंटने से मौत की पुष्टि होने के बाद मामले की जांच हत्या के एंगल से आगे बढ़ाई गई।

दो साल पहले हुई थी शादी

जानकारी के अनुसार, ग्राम सकर्रा निवासी दुर्गा निर्मलकर (26) की शादी वर्ष 2022 में सैदा निवासी रोहित निर्मलकर (30) से हुई थी। शादी के बाद उनकी दो बेटियां हुईं। आरोप है कि दूसरी बेटी के जन्म के बाद से ही दुर्गा को पति और ससुराल वालों की ओर से मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।

मायके पक्ष का आरोप है कि दुर्गा से 1 लाख 65 हजार रुपए लाने का दबाव बनाया जाता था। पति द्वारा उसके साथ मारपीट किए जाने की बात भी सामने आई है।

26 सितंबर को बिगड़ी तबीयत

26 सितंबर को दुर्गा के मायके वालों को सूचना मिली कि वह बेहोश हो गई है। उसे पहले एक निजी अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे सिम्स अस्पताल रेफर किया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पढ़ें   CG में स्वच्छता को लेकर बड़ा कदम : डिप्टी CM अरुण साव ने सभी महापौरों और निकाय अध्यक्षों को लिखा पत्र, स्वच्छ भारत मिशन शहरी 2.0 के तहत “स्वच्छता ही सेवा” अभियान को सफल बनाने के दिए निर्देश

ससुराल वालों ने मायके पक्ष को बताया था कि दुर्गा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। इसके बाद मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से खुला राज

मामले में पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद पुलिस को पता चला कि दुर्गा की मौत गला घोंटने से हुई थी। इसके बाद पुलिस ने मायके और ससुराल पक्ष के लोगों से पूछताछ की।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान ससुराल पक्ष के लोगों के बयानों में विरोधाभास मिला। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने कथित तौर पर घटना के संबंध में जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, 26 सितंबर को दहेज को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान दुर्गा के साथ मारपीट की गई और उसके गले में पट्टा डालकर खींचा गया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद कथित तौर पर हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को कमरे में साड़ी के सहारे फंदे पर लटका दिया गया।

पड़ोसियों ने फंदा काटकर उतारा शव

घटना के बाद पड़ोसियों ने दुर्गा को फंदे पर लटका देखा। उन्होंने फंदा काटकर शव को नीचे उतारा और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पति, देवर और सास गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में पति रोहित निर्मलकर (30), देवर मोहित निर्मलकर (25) और सास ठगिया निर्मलकर (60) को गिरफ्तार किया है।

तीनों के खिलाफ BNS की धारा 80, 238 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पढ़ें   ग्रामीण अर्थव्यवस्था को संजीवनी: जामगांव एम की केंद्रीय प्रसंस्करण इकाई से बदली 5 हजार से ज्यादा लोगों की किस्मत, ‘छत्तीसगढ़ हर्बल’ बना ब्रांड

पुलिस मामले में घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और आरोपों की जांच कर रही है।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *