1 Oct 2026, Thu

धमतरी में एंबुलेंस का भीषण एक्सीडेंट: पहले डिवाइडर से टकराई, फिर ट्रैक्टर-ट्रॉली में घुसी; नर्स की मौत, 3 घायल

धमतरी, 01 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में नेशनल हाईवे-30 पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रायपुर से जगदलपुर लौट रही एक एंबुलेंस पहले डिवाइडर से टकराई और इसके बाद सामने चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा भिड़ी। हादसे में एंबुलेंस में सवार नर्स शबनम खान (35) की मौत हो गई। वहीं तीन लोग घायल हुए हैं।

जानकारी के मुताबिक एंबुलेंस में 72 वर्षीय राजेंद्र खत्री का शव रखा हुआ था। राजेंद्र खत्री का रायपुर के एसएमसी अस्पताल में इलाज चल रहा था, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया था। इसके बाद परिजन शव को लेकर एंबुलेंस से जगदलपुर लौट रहे थे।

पहले डिवाइडर से टकराई एंबुलेंस

हादसा अर्जुनी थाना क्षेत्र के संबलपुर के पास हुआ। बताया जा रहा है कि एंबुलेंस चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। एंबुलेंस पहले डिवाइडर से टकराई और फिर सामने चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा भिड़ी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि एंबुलेंस में साइड में बैठी नर्स शबनम खान गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक के परिवार के 3 लोग घायल

हादसे में राजेंद्र खत्री के बेटे देवेंद्र खत्री, पत्नी उषा खत्री और बेटी मीनाक्षी घई घायल हुए हैं। तीनों को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया गया।

वहीं नर्स शबनम खान के शव को दूसरी एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

अर्जुनी पुलिस ने शुरू की जांच

हादसे की सूचना मिलते ही अर्जुनी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार एंबुलेंस चालक के वाहन से नियंत्रण खोने के बाद यह दुर्घटना हुई।

Share
पढ़ें   CG में आबकारी विभाग में बड़ी कार्रवाई : ओवर रेट और मिलावटी शराब की शिकायत पर जिला आबकारी अधिकारी निलंबित, जिले में ओवर रेट की लगातार मिल रही थी शिकायतें

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *