15 Nov 2026, Sun
Breaking

नरैया तालाब में पांच दशक से कायम है छठ की आस्था, चार पीढ़ियों के साथ आज भी घाट पहुंचती हैं 85 वर्षीय लखपति बाई

• अंधेरे रास्तों से सजे-धजे घाटों तक का सफर, आधी सदी में बदली छठ पूजा की तस्वीर

• कभी टॉर्च की रोशनी में बच्चों को लेकर पहुंचती थीं घाट, आज हजारों व्रतियों के बीच देती हैं सूर्य को अर्घ्य

रायपुर, 15 नवंबर 2026

आस्था जब परंपरा बनती है, तो पीढ़ियां बदल जाती हैं, लेकिन विश्वास नहीं बदलता। राजधानी रायपुर के टिकरापारा स्थित नरैया तालाब में छठ पूजा की पांच दशक पुरानी परंपरा इसकी मिसाल है। कभी अंधेरे रास्तों और बिना घाट की व्यवस्था के बीच शुरू हुई छठ पूजा आज हजारों व्रतियों की आस्था का केंद्र बन चुकी है। यहां सिर्फ सूर्य उपासना नहीं होती, बल्कि पांच दशकों की स्मृतियां और चार पीढ़ियों की सांस्कृतिक विरासत भी एक साथ दिखाई देती है।

टॉर्च लेकर पहुंचती थीं घाट, मछलियों से बचाना पड़ता था पूजा का सूप

नरैया तालाब में करीब पांच दशक पहले छठ पूजा की शुरुआत करने वाली 85 वर्षीय लखपति बाई दुबे की आंखों में आज भी उन दिनों की तस्वीरें ताजा हैं। अपने शुरुआती दिनों को याद करते हुए वह भावुक हो जाती हैं। बताती हैं कि उनके पति पुलिस की नौकरी में थे और परिवार पुलिस लाइन के सरकारी क्वार्टर में रहता था। वह अकेले ही बच्चों को लेकर नरैया तालाब पहुंचती थीं। शाम और सुबह घाट तक पहुंचने के रास्ते में घना अंधेरा रहता था। हाथ में टॉर्च लेकर पूजा करने आना पड़ता था।

उस दौर में तालाब के किनारे घाट नहीं बने थे। पूजा के दौरान तालाब से मछलियां बाहर आ जाती थीं और पूजा के सूप को उनसे बचाना भी एक चुनौती होती थी। लेकिन कठिनाइयों के बावजूद आस्था कभी कमजोर नहीं पड़ी।

पढ़ें   मलेरिया से जंग, नकली पनीर पर प्रहार: स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने अफसरों को दिए सख्त निर्देश, बोले—‘स्वास्थ्य से समझौता नहीं’

छत्तीसगढ़ महतारी की गोद में ही जीवन, यहीं होगी अंतिम विदाई

लखपति बाई दुबे कहती हैं कि उन्होंने आज तक छठ पूजा करने के लिए उत्तर प्रदेश या बिहार का रुख नहीं किया। उनका कहना है कि छत्तीसगढ़ महतारी की गोद में ही कमाया, इसी धरती पर खाया और अब इसी मिट्टी में समा जाना है। उनके मुताबिक छत्तीसगढ़ से सुंदर और सुकून देने वाली जगह दुनिया में कहीं नहीं है। आज भी वह अपने परिवार की चार पीढ़ियों को लेकर छठ घाट पहुंचती हैं। उनकी यह परंपरा अब केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि परिवार की विरासत बन चुकी है।

संध्या अर्घ्य के साथ नरैया तालाब में उमड़ा आस्था का सैलाब

चार दिवसीय छठ महापर्व के तीसरे दिन नरैया तालाब घाट पर श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सजे-धजे घाट, रोशनी से जगमगाता परिसर और पूजा की तैयारियों के बीच हजारों छठ व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। व्रतियों के साथ पहुंचे परिवारों ने भी इस महापर्व में भागीदारी निभाई। पूरे घाट पर भक्ति, लोक परंपरा और सामूहिक आस्था का वातावरण नजर आया।

पांच दशक से जारी परंपरा, आमा और व्यास तालाब के साथ नरैया भी बना पहचान

नरैया तालाब छठ महापर्व आयोजन समिति के वीरेंद्र दुबे ने बताया कि यहां करीब पांच दशकों से छठ पूजा का आयोजन हो रहा है। उस दौर में जब रायपुर में मुख्य रूप से आमा तालाब और व्यास तालाब में छठ पूजा होती थी, तभी से नरैया तालाब में भी व्रती महिलाएं सूर्य उपासना की परंपरा निभा रही हैं।

पढ़ें   Jashpur Viral Video Case: सोशल मीडिया पर दोस्ती, फिर ब्लैकमेलिंग — 3 साल बाद दिल्ली से पकड़ा गया आरोपी कंवलजीत सिंह, अश्लील वीडियो बनाकर युवती को कर रहा था ब्लैकमेल

उन्होंने बताया कि आयोजन की तैयारियों में रायपुर नगर निगम का लगातार सहयोग मिलता है। घाट की साफ-सफाई से लेकर अन्य व्यवस्थाओं में निगम और समिति के सदस्य मिलकर प्रयास करते हैं।

नगर निगम और पुलिस प्रशासन का जताया आभार

इस वर्ष आयोजन को लेकर घाट पर स्वागत द्वार, लाइटिंग, टेंट और भंडारे की व्यवस्था की गई है। आयोजन समिति ने बेहतर साफ-सफाई के लिए नगर निगम प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस विभाग का आभार जताया।

उदीयमान सूर्य को अर्घ्य के साथ होगा महापर्व का समापन

छठ महापर्व के अंतिम दिन 16 नवंबर की सुबह व्रती उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके बाद नरैया तालाब छठ घाट पर भंडारे का आयोजन होगा और चार दिवसीय महापर्व का विधिवत समापन होगा।

नरैया तालाब की यह तस्वीर बताती है कि समय के साथ घाटों की सूरत बदली, व्यवस्थाएं बदलीं और सुविधाएं बढ़ीं, लेकिन पांच दशक पहले जिस आस्था का दीप जला था, उसकी लौ आज भी उतनी ही प्रखर है।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed