4 Oct 2026, Sun

570 करोड़ के कोल लेवी केस में बड़ा एक्शन: Devendra Yadav समेत 9 को कोर्ट का समन, 5 अक्टूबर को होगी पेशी

रायपुर, 04 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के चर्चित 570 करोड़ रुपये के कोल लेवी घोटाले में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच एजेंसी ने भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव, पूर्व विधायक चंद्रदेव राय, रामगोपाल अग्रवाल, IAS जयप्रकाश मौर्य और दीपेश टांक समेत नौ आरोपियों को समन जारी किया है। सभी आरोपियों को 5 अक्टूबर को विशेष न्यायालय के समक्ष पेश होने के निर्देश दिए गए हैं।

EOW अब इस मामले में अंतिम आरोपपत्र पेश करने की तैयारी कर रही है। जांच एजेंसी के मुताबिक, FIR में आरोपित बनाए गए लोगों के खिलाफ जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर कोर्ट में अंतिम आरोपपत्र प्रस्तुत किया जाएगा।

दो साल से चल रही है जांच

कोल लेवी प्रकरण की जांच EOW पिछले करीब दो वर्षों से कर रही है। एजेंसी अब तक मामले में चार आरोपपत्र कोर्ट में पेश कर चुकी है। इनमें निलंबित IAS रानू साहू, समीर विश्नोई, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की उपसचिव रहीं सौम्या चौरसिया, कारोबारी सूर्यकांत तिवारी और सुनील अग्रवाल समेत करीब 20 आरोपित शामिल हैं।

जांच के दौरान कई आरोपियों की गिरफ्तारी अभी तक नहीं हुई है।

सूर्यकांत तिवारी की डायरी से सामने आया लेन-देन

जांच एजेंसी के अनुसार, कारोबारी सूर्यकांत तिवारी से संबंधित डायरी और दस्तावेजों में कथित लेन-देन का विवरण मिला था। इनमें विभिन्न नेताओं और अन्य लोगों के नाम सामने आने की बात कही गई है। इसी मामले में देवेंद्र यादव से भी पूछताछ की जा चुकी है।

वहीं, ED की जांच में अब तक आरोपितों से जुड़ी करीब 270 करोड़ रुपये की संपत्तियां अटैच किए जाने की जानकारी सामने आई है। इनमें अधिकारियों, कारोबारियों और राजनीतिक नेताओं से जुड़ी संपत्तियां शामिल बताई गई हैं।

पढ़ें   नवा रायपुर में समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने किया गृह प्रवेश, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समेत कई दिग्गजों ने दी शुभकामनाएं

FIR में कई नेताओं और अधिकारियों के नाम

EOW की FIR में रानू साहू, समीर विश्नोई, सौम्या चौरसिया, पूर्व मंत्री अमरजीत भगत, विधायक देवेंद्र सिंह यादव, पूर्व विधायक शिशुपाल सोरी, यूडी मिंज, चंद्रदेव प्रसाद राय, बृहस्पत सिंह, गुलाब कमरो, कांग्रेस नेता आरपी सिंह, विनोद तिवारी, संदीप कुमार नायक, शिवशंकर नाग, सूर्यकांत तिवारी, मनीष उपाध्याय, रोशन कुमार सिंह, निखिल चंद्राकर, राहुल सिंह, पारेख कुर्रे, इदरिश गांधी, मोइनुद्दीन कुरैशी, वीरेंद्र कुमार जायसवाल, चंद्रप्रकाश जायसवाल, लक्ष्मीकांत तिवारी, देवेंद्र डडसेना, राहुल मिश्रा, रामगोपाल अग्रवाल, सुनील कुमार अग्रवाल, जय, जोगेंद्र सिंह, नवनीत तिवारी, दीपेश टांक, रजनीकांत तिवारी और हेमंत जायसवाल समेत कई नाम शामिल हैं।

अब 5 अक्टूबर की सुनवाई पर नजर रहेगी, जब समन जारी किए गए आरोपियों को विशेष न्यायालय के समक्ष पेश होना है और EOW की ओर से मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की दिशा स्पष्ट हो सकती है।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *