14 Oct 2026, Wed

सुकमा में CRPF सब इंस्पेक्टर की मौत: आधी रात कैंप में चली गोली, देवानंद यादव ने क्यों उठाया कदम? जांच में जुटी पुलिस

सुकमा, 14 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के एक उपनिरीक्षक की गोली लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान 131वीं वाहिनी में पदस्थ सब इंस्पेक्टर देवानंद यादव के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, उन्होंने कथित तौर पर अपने सर्विस हथियार से खुद को गोली मार ली थी। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

मेट्टागुड़म CRPF कैंप की घटना

जानकारी के मुताबिक, घटना सुकमा जिले के मेट्टागुड़म स्थित CRPF कैंप की है। सुकमा पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, 13 अक्टूबर 2026 की रात करीब 12 बजे से 12:30 बजे के बीच उपनिरीक्षक देवानंद यादव, पिता रामानंद यादव, ने अज्ञात कारणों से अपने सर्विस हथियार से खुद को गोली मार ली।

गोली चलने की आवाज सुनकर कैंप में मौजूद जवानों और अधिकारियों को घटना की जानकारी मिली। इसके बाद घायल उपनिरीक्षक को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई। उन्हें फील्ड एंबुलेंस की मदद से इल्मागुड़ा कैंप ले जाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया। हालांकि, गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी पुलिस

घटना के बाद CRPF कैंप में शोक का माहौल है। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के साथ शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराने की कार्रवाई कर रही है। इसके बाद पार्थिव शरीर को उनके गृह ग्राम भेजने की व्यवस्था की जा रही है।

पढ़ें   खेलते-खेलते 5 साल की बच्ची ने निगला 5 रुपए का सिक्का, गले में फंसा: सांस अटकी, सिम्स में एंडोस्कोपी से निकाला गया; डॉक्टरों की सूझबूझ से बची जान

किन परिस्थितियों में उठाया कदम, जांच जारी

फिलहाल उपनिरीक्षक देवानंद यादव द्वारा यह कदम उठाए जाने के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। अभी तक किसी व्यक्तिगत, पारिवारिक या ड्यूटी से संबंधित कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस के अनुसार, घटना के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *