रायपुर, 15 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में गुरुवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में पूर्व खाद्य मंत्री एवं विधायक पुन्नूलाल मोहले के भाई अधीन दास मोहले समेत तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा दशरंगपुर गांव में उस वक्त हुआ, जब तीनों लोग मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान मुंगेली की ओर जा रही तेज रफ्तार पिकअप ने उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार कि सड़क पर गिर पड़े तीनों
जानकारी के मुताबिक, दशरंगपुर निवासी अधीन दास मोहले अपने दो साथियों के साथ सुबह की सैर पर निकले थे। तीनों मुख्य मार्ग पर टहल रहे थे, तभी तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी गंभीर थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद घायलों को तत्काल जिला अस्पताल, मुंगेली पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में अधीन दास मोहले के अलावा बल्लू बघेल और गंगा राम के नाम सामने आए हैं।

सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंचे विधायक
हादसे की जानकारी मिलते ही विधायक पुन्नूलाल मोहले और उनके समर्थक बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचे। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जर्जर सड़क को लेकर उठे सवाल
इस हादसे के बाद सड़क सुरक्षा और क्षेत्र की बदहाल सड़कों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। बिलासपुर से तखतपुर होते हुए मुंगेली तक सड़क की जर्जर स्थिति को लेकर स्थानीय स्तर पर शिकायतें और मरम्मत की मांग किए जाने की बात सामने आई है। खराब सड़क के कारण वाहन चालकों के साथ पैदल चलने वालों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
हालांकि, इस दुर्घटना का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस वाहन की स्थिति, घटनास्थल के साक्ष्यों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की परिस्थितियों और संभावित लापरवाही का खुलासा हो सकेगा।


