29 Nov 2026, Sun

कृषि महोत्सव में किसान स्वाभिमान क्विज के विजेता किसान ट्रैक्टर, बुलेट और ई-स्कूटर पर शान से घूम रहे

भोपाल
कृषक कल्याण वर्ष के अंतर्गत आयोजित बलराम कृषि महोत्सव में किसान स्वाभिमान क्विज के विजेता किसान ट्रैक्टर, बुलेट और ई-स्कूटर पर शान से घूम रहे हैं। सभी 55 जिलों में क्विज विजेता किसानों में अपार उत्साह है। विजेता किसानों ने कभी नहीं सोचा था कि उन्हें इतना बड़ा पुरस्कार मिलेगा। प्रदेश के इतिहास में किसानों के लिये यह अब तक की सबसे बड़ी पुरस्कार योजना है। इस क्विज का आयोजन वीर भारत न्यास एवं संस्कृति विभाग ने मिलकर किया था। पुरस्कार योजना का उददेश्य किसानों को कृषि संबंधी नये ज्ञान, नई विधियों और नई तकनीकी से परिचित कराना था। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर आयोजित क्विज़ प्रतियोगिता में किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पुरस्कार पाकर विजेता किसानों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव की पहल की सराहना करते हुए उनका आभार माना है।

झाबुआ जिले की जोबट तहसील के वांझाबेड़ा गांव के श्री कलम सिंह डुडवे ने प्रथम पुरस्कार ट्रैक्टर खरीदा। वे कहते हैं कि सरकार ने हमारी पूरी परेशानी दूर कर दी है।

झाबुआ में पेटलावद तहसील के घुघरी गांव के निवासी किसान श्री नरेंद्र पोरवाल के लिए ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता में भाग लेना एक सुखद उपलब्धि बन गया। उन्हें प्रथम पुरस्कार के रूप में ट्रैक्टर खरीदने के लिए 7 लाख 26 हजार रुपये की राशि मिली। वे कहते हैं अब खेती-किसानी और ज्यादा आसान हो जायेगी। इसी प्रकार मेघनगर तहसील के मदरानी गांव के किसान श्री अरुण बारिया को द्वितीय पुरस्कार के रूप में बुलेट मोटरसाइकिल खरीदने के लिये 1 लाख 68 हजार रुपये की राशि मिली। पेटलावद तहसील के ही सामली गांव के श्री मोती मेड़ा को ई-स्कूटी मिली। वे कहते हैं कि पूरे परिवार में खुशी है।

पढ़ें   राजस्थान के 41 जिलों में बोर्ड बनाने की तैयारी, भाजपा-कांग्रेस ने तेज की किलेबंदी; 18-19 नवंबर अहम

इंदौर जिले के देपालपुर तहसील के बछौड़ा गांव के किसान श्री जितेंद्र सिंह पिता को प्रथम पुरस्कार ट्रैक्टर मिला हातोद तहसील के कराड़िया गांव के किसान श्री गोपाल सिंह को द्वितीय पुरस्कार के रूप में बुलेट मोटरसाइकिल और मल्हारगंज तहसील के नैनोद गांव के किसान श्री शैलेन्द्र सिंह को ई-स्कूटी मिली। श्री जितेंद्र सिंह कहते हैं कि सरकार की इस पहल से नई ऊर्जा मिली है और हमारा आत्मविश्वास बढ़ा है।

बड़वानी जिले में पाटी विकासखंड के पोसपुर गांव के श्री राकेश सस्ते कहते हैं कि अब किसी पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। हम सब विजेताओं को मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शानदार सौगात दी है। ठीकरी विकासखंड के काकरिया गांव के श्री राधेश्याम चौहान को द्वितीय पुरस्कार के रूप में बुलेट मोटरसाइकिल मिली। राजपुर विकासखंड के भागसुर गांव के श्री सुनील काग ई-स्कूटर पाकर खुश हैं। वे कहते हैं कि ऐसी प्रतियोगिता हर साल होना चाहिए।

बुरहानपुर जिले के सिरसोदा गांव के किसान श्री निलेश चौधरी ने ई-स्कूटी ई-स्कूटी खरीदी। वे कहते हैं कि अब खेत पर आने-जाने में आसानी हो रही है और पेट्रोल की भी बचत हो रही है।

धार की तहसील कुक्षी के बोधवाड़ा गांव के श्री किशोर यादव ने ट्रैक्टर खरीद लिया है। वे मुख्यमंत्री डॉ. यादव के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहते हैं कि यह एक नई पहल है। ऐसा पहले कभी नहीं हुआ। धार के ही धामनोद के श्री उदय पाटीदार ने तृतीय पुरस्कार ई-स्कूटी खरीदी है। जबलपुर की मझौली तहसील के झिंगरई गांव के श्री अनिल पटले ट्रैक्टर जीतकर बेहद खुश हैं। उनके परिवार के सभी सदस्य बेहद उत्साहित हैं। बालाघाट की कुम्हारी गांव की महिला किसान श्रीमती दिवला पटले ने ट्रैक्टर जीता। वे कहती हैं हमने कभी नहीं सोचा था कि हमारा भी ट्रैक्टर होगा।

Share

 

 

 

 

 

By Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *