16 Oct 2026, Fri
Breaking

विदेशी नंबर से धमकी, 25 करोड़ की रंगदारी और पांच आईफोन जब्त; अब फरार शोएब ढेबर को पकड़ने पर मिलेगा 15 हजार का इनाम

रायपुर, 16 अक्टूबर। कांग्रेस नेता आनंदमल कुकरेजा से 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में फरार आरोपी शोएब ढेबर की गिरफ्तारी के लिए रायपुर पुलिस ने इनाम की राशि बढ़ा दी है। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने आरोपी की सूचना देने वाले को 10 हजार रुपये का नकद इनाम देने की घोषणा की है। इससे पहले सेंट्रल डीसीपी ने 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। अब कुल इनामी राशि 15 हजार रुपये हो गई है।

पुलिस के मुताबिक, 14 सितंबर को आनंदमल कुकरेजा के मोबाइल पर विदेशी नंबर से व्हाट्सऐप के जरिए धमकी भरे संदेश भेजे गए थे। आरोपी ने कथित तौर पर खुद को अमन साहू गैंग से जुड़ा बताते हुए 25 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी। साथ ही प्रार्थी, उनके बेटे और परिवार के अन्य सदस्यों को जान से मारने की धमकी दी गई थी।

मामले में तेलीबांधा थाने में अपराध दर्ज कर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा पुलिस ने जांच शुरू की थी। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने शोएब ढेबर को गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से घटना से संबंधित पांच आईफोन भी जब्त किए गए थे, जिनकी कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई थी।

बाद में आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर न्यायालय में प्रक्रिया आगे बढ़ी। पुलिस ने 28 सितंबर को नियमित अदालत में दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति मांगी थी, जिसे स्वीकार कर लिया गया। इसके बाद से शोएब ढेबर फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी में मददगार सूचना देने वाले व्यक्ति को घोषित इनाम दिया जाएगा। फरार आरोपी के दोबारा अपराध करने की आशंका को देखते हुए पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

Share
पढ़ें   छत्तीसगढ़ पुलिस भर्ती पर हाईकोर्ट का बड़ा झटका: पुलिसकर्मियों के बच्चों को दी गई रियायत पर उठे सवाल, भर्ती प्रक्रिया पर लगी रोक!

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *