17 Oct 2026, Sat
Breaking

बस्तर दशहरा में अचानक बदला रथ का रास्ता : बिजली का खंभा श्रद्धालुओं पर गिरा; आधा दर्जन से ज्यादा घायल, स्कूटी सवार बाल-बाल बचा

जगदलपुर, 17 अक्टूबर। बस्तर दशहरा के दौरान शनिवार को फूल रथ की परिक्रमा के दौरान बड़ा हादसा हो गया। अचानक रथ का मार्ग बदलने से रथ बिजली के खंभे से टकरा गया। टक्कर लगते ही बिजली का खंभा वहां मौजूद श्रद्धालुओं पर गिर पड़ा। हादसे में आधा दर्जन से अधिक लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। वहीं, एक स्कूटी सवार रथ की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

बिजली के तारों से निकली चिंगारी, मची अफरा-तफरी

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, फूल रथ निर्धारित परिक्रमा मार्ग से हटकर यामाहा शोरूम के सामने पहुंच गया। इसी दौरान रथ बिजली के खंभे से टकरा गया। खंभा गिरते ही बिजली के तारों से चिंगारियां निकलने लगीं। मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और श्रद्धालु जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। गनीमत रही कि कोई व्यक्ति करंट की चपेट में नहीं आया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

सिरासार चौक से पावर हाउस चौक की ओर मुड़ा रथ

रथ के अचानक सिरासार चौक से पावर हाउस चौक की ओर जाने से मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बिगड़ गई। वहां मौजूद पुलिस अधिकारियों ने रथ खींच रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, स्थिति को नियंत्रित करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। इसी दौरान रथ के अचानक रास्ता बदलने से एक स्कूटी सवार भी उसकी चपेट में आने से बच गया।

रथ का रास्ता बदलने पर उठे सवाल

स्थानीय लोगों का आरोप है कि रथ खींचने वाले समूह में शामिल कुछ शरारती लोगों ने अचानक रथ का मार्ग बदल दिया और उसे तेजी से पावर हाउस चौक की ओर खींच लिया। घटना के बाद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में नाराजगी है। हादसे के बाद रथ परिक्रमा देखने पहुंचे लोगों के बीच भी दहशत का माहौल बन गया।

पढ़ें   CM TODAY SCHEDULE: भिलाई के जयंती स्टेडियम से मंत्रालय तक, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज वन-पर्यावरण, कौशल विकास और सैनिक कल्याण की बैठकों में रहेंगे व्यस्त — देखें मिनट-टू-मिनट शेड्यूल

घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद रथ परिक्रमा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और निर्धारित मार्ग का पालन कराने को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed