20 Oct 2026, Tue
Breaking

नक्सल मोर्चे के हथियारों की विजयादशमी पर पूजा: जगदलपुर पुलिस लाइन में जुटे IG-SP और जवान, बस्तर में शांति का लिया संकल्प

जगदलपुर, 20 अक्टूबर 2026। विजयादशमी के अवसर पर बस्तर पुलिस ने जगदलपुर स्थित पुलिस लाइन में शस्त्र पूजन किया। इस दौरान नक्सल विरोधी अभियानों में इस्तेमाल किए जाने वाले अत्याधुनिक हथियारों और पुलिस वाहनों की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। कार्यक्रम के जरिए पुलिस बल ने साहस, कर्तव्य और बस्तर में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने का संकल्प दोहराया।

शस्त्र पूजन कार्यक्रम में बस्तर आईजी बद्रीनाथ मीणा, पुलिस अधीक्षक सलभ सिन्हा सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, थाना प्रभारी और जिला रिजर्व गार्ड (DRG) के जवान शामिल हुए। पूजा के लिए उन हथियारों और संसाधनों को विशेष रूप से शामिल किया गया, जिनका उपयोग नक्सल प्रभावित अंदरूनी इलाकों में तैनात जवानों द्वारा अभियानों के दौरान किया जाता रहा है। दूरस्थ पुलिस कैंपों में सुरक्षा के लिए इस्तेमाल होने वाले हथियारों को भी पुलिस लाइन लाया गया था।

नक्सल विरोधी अभियानों में इस्तेमाल संसाधनों की पूजा

पुलिस अधिकारियों और जवानों ने परंपरा के अनुसार हथियारों के साथ पुलिस वाहनों का भी पूजन किया। विजयादशमी पर शस्त्र पूजा पुलिस बल के लिए अपने कर्तव्य, साहस और जिम्मेदारी के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक मानी जाती है। इस दौरान बस्तर में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने का संकल्प लिया गया।

एसपी बोले- इस बार बस्तर के लिए खास है विजयादशमी

बस्तर एसपी सलभ सिन्हा ने कहा कि इस वर्ष विजयादशमी का पर्व बस्तर पुलिस और यहां की जनता के लिए विशेष महत्व रखता है। लंबे समय तक नक्सलवाद के कारण बस्तर के लोगों और सुरक्षा बलों को कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। इस संघर्ष में कई जवानों और नागरिकों ने अपनी जान गंवाई।

पढ़ें   CM TODAY SCHEDULE : ओसाका वर्ल्ड एक्सपो 2025 में निवेश संभावनाएं पेश करेंगे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उद्योगपतियों से चर्चा के बाद दक्षिण कोरिया में 27 से 29 अगस्त तक निवेशक गोलमेज बैठकों में होंगे शामिल, जानें पूरा कार्यक्रम...

एसपी ने कहा कि सुरक्षा बलों के अदम्य साहस और लगातार चलाए गए अभियानों के चलते बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि अब पुलिस के साथ-साथ बस्तर की जनता भी विजयादशमी का पर्व उत्साह और उमंग के साथ मना रही है।

शस्त्र पूजन के माध्यम से पुलिस बल ने क्षेत्र में शांति कायम रखने, आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *