22 Oct 2026, Thu
Breaking

बिलासपुर पहुंचे संघ प्रमुख मोहन भागवत: दो दिन रहेंगे छत्तीसगढ़ में, आज पदाधिकारियों से मुलाकात, कल प्रांतीय बैठक में संगठन पर चर्चा

बिलासपुर, 22 अक्टूबर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहन भागवत गुरुवार दोपहर बिलासपुर पहुंचे। वे यहां दो दिनों तक प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे संघ के प्रांतीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। साथ ही संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा करेंगे।

मोहन भागवत इंटरसिटी एक्सप्रेस से बिलासपुर पहुंचे। उनके आगमन को देखते हुए रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। स्टेशन पर प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। यहां से वे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बिरकोना स्थित सरस्वती शिशु मंदिर आवासीय विद्यालय के लिए रवाना हुए।

प्रांतीय पदाधिकारियों से करेंगे चर्चा

प्रवास के पहले दिन गुरुवार को मोहन भागवत की मुलाकात प्रांतीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से होगी। इस दौरान संगठनात्मक गतिविधियों सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की जाएगी। वहीं, शुक्रवार को प्रांत स्तरीय बैठक आयोजित होगी, जिसमें आरएसएस के प्रमुख पदाधिकारी शामिल होंगे।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

संघ प्रमुख के प्रवास को देखते हुए बिरकोना स्थित आवासीय विद्यालय और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन की टीम अलर्ट है।

प्रांतीय बैठक के बाद मोहन भागवत शुक्रवार रात अमरकंटक एक्सप्रेस से जबलपुर के लिए रवाना होंगे।

Share
पढ़ें   CM TODAY SCHEDULE : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज सुशासन तिहार कार्यक्रम में होंगे शामिल, जनसमस्याओं के निराकरण शिविर का करेंगे निरीक्षण, देखें पूरा शेड्यूल...

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *