रायपुर, 23 अक्टूबर 2026। प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत जरूरतमंद परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराने तथा उनके अधिकारों की रक्षा को लेकर उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने स्पष्ट किया है कि आवास निर्माण के नाम पर हितग्राहियों से धोखाधड़ी करने और उनकी राशि का दुरुपयोग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पिछले दिनों दो ठेकेदारों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज होने के बाद अब बोड़ला विकासखंड के ग्राम दुलदुला में तीन हितग्राहियों से राशि लेने और आवास निर्माण पूरा नहीं करने के मामले में ठेकेदार शेख निजामुद्दिन उर्फ निक्की खान के विरुद्ध भी एफआईआर दर्ज की गई है।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि शासन की मंशा है कि कोई भी जरूरतमंद परिवार पक्के मकान से वंचित न रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विशेष रूप से दूरस्थ वनांचलों में निवासरत विशेष पिछड़ी जनजाति के परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराने के लिए प्राथमिकता से कार्य किया जा रहा है।

इस संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार, विकासखंड बोड़ला के ग्राम दुलदुला, ग्राम पंचायत बेंदा में प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के हितग्राही राजिम धुर्वे ने ठेकेदार शेख निजामुद्दिन उर्फ निक्की खान के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि ठेकेदार ने आवास निर्माण के नाम पर राशि लेने के बाद भी निर्माण कार्य पूरा नहीं किया। राशि वापस मांगने पर भी पैसे नहीं लौटाए गए। इस मामले में थाना चिल्फी में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 318(4) के तहत प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) दर्ज की गई है।
इस संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार, हितग्राही राजिम धुर्वे, उनके बड़े भाई सोनेलाल धुर्वे और पड़ोसी छिरवैया धुर्वे के नाम से प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत मकान स्वीकृत हुए थे। पहली किस्त के रूप में 40 हजार रुपये प्राप्त होने के बाद पूर्व सरपंच पति शेख निजामुद्दिन उर्फ निक्की खान ने आवास निर्माण का ठेका लिया। दूसरी किस्त की 60 हजार रुपये की राशि भी ठेकेदार को नकद भुगतान की गई। इसके बावजूद आवासों का निर्माण पूरा नहीं किया गया।
हितग्राही द्वारा आवेदन में दी गई जानकारी के अनुसार, तीन हितग्राहियों से 80-80 हजार रुपये, कुल 2 लाख 40 हजार रुपये लेने और निर्माण कार्य पूरा नहीं करने की शिकायत पर थाना चिल्फी में एफआईआर दर्ज की गई है।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के निर्माण कार्यों में कुछ स्थानों पर ठेकेदारों द्वारा हितग्राहियों से आवास निर्माण के नाम पर धोखाधड़ी किए जाने के मामले सामने आए हैं। निर्माण कार्य पूरा नहीं करने और पैसे वापस नहीं लौटाने पर अब तक कुल तीन ठेकेदारों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी है।
इनमें ग्राम आमानारा के हितग्राही बैसाखू बैगा ने थाना तरेगांव जंगल में ठेकेदार तुमेश गोड़ के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई है। इसी तरह ग्राम राजाढ़ार के देवसिंह ने थाना चिल्फी में ठेकेदार कुमार मेरावी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई है।
अब तक दर्ज एफआईआर के अनुसार, तीनों ठेकेदारों पर कुल 7 लाख 49 हजार रुपये की ठगी करने का आरोप है। हितग्राहियों की शिकायतों के आधार पर संबंधित थानों में मामले दर्ज किए गए हैं।


