कोंडागांव, 24 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के केशकाल क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गट्टीपलना मोड़ के पास तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में सेना के जवान सुंदरलाल नेताम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे जवान मनीष नेताम समेत पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
दशहरा कार्यक्रम देखने जा रहे थे सभी
मिली जानकारी के अनुसार, बोलेरो में सवार सभी लोग ग्राम पल्ली के निवासी बताए जा रहे हैं। वे शुक्रवार देर रात करीब 10 बजे ग्राम पांडे आठगांव में दशहरा उत्सव का कार्यक्रम देखने जा रहे थे। इसी दौरान गट्टीपलना मोड़ के घुमावदार रास्ते पर वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और एक बड़े पेड़ से जा टकराया।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन में सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जवान की मौत से गांव में शोक
हादसे में सेना के जवान सुंदरलाल नेताम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। उनके निधन की खबर मिलते ही गृहग्राम पल्ली सहित पूरे केशकाल क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। दुर्घटना में सेना के दूसरे जवान मनीष नेताम समेत चार अन्य ग्रामीण भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
घायलों को फरसगांव अस्पताल पहुंचाया
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन और सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को क्षतिग्रस्त बोलेरो से बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी घायलों को उपचार के लिए फरसगांव अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।


