मुंबई, 26 अक्टूबर 2026। एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस ने ग्राहकों की लंबी अवधि की वित्तीय योजनाओं को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से ‘वेवर ऑफ प्रीमियम’ राइडर लॉन्च किया है। इसके तहत निर्धारित परिस्थितियों में भविष्य के सभी प्रीमियम भुगतान माफ कर दिए जाएंगे। इससे गंभीर बीमारी या दुर्घटना के कारण स्थायी दिव्यांगता जैसी परिस्थितियों में भी ग्राहक अपनी जीवन बीमा पॉलिसी जारी रख सकेंगे।
कंपनी के मुताबिक, लंबी अवधि की वित्तीय योजनाओं में बच्चों की शिक्षा, रिटायरमेंट की तैयारी और परिवार की आर्थिक सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण लक्ष्य शामिल होते हैं। इन लक्ष्यों को पूरा करने के लिए नियमित रूप से प्रीमियम का भुगतान करना जरूरी है। हालांकि, किसी अप्रत्याशित घटना के कारण व्यक्ति की आय प्रभावित होने पर प्रीमियम भरना मुश्किल हो सकता है। ऐसे में नया राइडर ग्राहकों को अतिरिक्त वित्तीय सुरक्षा प्रदान करेगा।

निर्धारित परिस्थितियों में माफ होंगे प्रीमियम

एसबीआई लाइफ के नए राइडर के तहत पात्रता की शर्तें पूरी होने पर भविष्य के सभी प्रीमियम, अतिरिक्त प्रीमियम सहित, माफ कर दिए जाएंगे। इसके बावजूद मूल बीमा पॉलिसी और उससे जुड़े अन्य राइडर अपनी निर्धारित शर्तों के अनुसार जारी रहेंगे। इससे पॉलिसीधारकों को कठिन परिस्थितियों में भी अपने परिवार की वित्तीय सुरक्षा और भविष्य की योजनाओं को बनाए रखने में मदद मिलेगी।
21 गंभीर बीमारियों और स्थायी दिव्यांगता का कवरेज
कंपनी के अनुसार, जब पॉलिसी लेने वाला व्यक्ति (प्रपोजर) और बीमित व्यक्ति (लाइफ एश्योर्ड) एक ही हों, तो यह राइडर दुर्घटना के कारण पूर्ण एवं स्थायी दिव्यांगता (एटीपीडी) और निर्धारित 21 गंभीर बीमारियों को कवर करता है।
वहीं, जब पॉलिसी लेने वाला और बीमित व्यक्ति अलग-अलग हों, तो राइडर के तहत पॉलिसी लेने वाले की मृत्यु, दुर्घटना के कारण पूर्ण एवं स्थायी दिव्यांगता और निर्धारित 21 गंभीर बीमारियों को कवर किया जाएगा। इन परिस्थितियों में लागू नियमों और पॉलिसी की शर्तों के अनुसार भविष्य के प्रीमियम माफ किए जाएंगे।
पॉलिसी शुरू होने के बाद भी ले सकेंगे राइडर
यह राइडर कंपनी के चुनिंदा व्यक्तिगत नॉन-लिंक्ड और लिंक्ड जीवन बीमा उत्पादों के साथ उपलब्ध होगा। पात्रता की शर्तों और प्रीमियम भुगतान की कम से कम पांच वर्ष की शेष अवधि की आवश्यकता को पूरा करने पर ग्राहक इसे पॉलिसी शुरू करते समय या बाद की किसी पॉलिसी वर्षगांठ पर भी ले सकेंगे।
कंपनी ने क्या कहा?
एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस के प्रेसिडेंट एवं चीफ डिस्ट्रीब्यूशन ऑफिसर एम. आनंद ने कहा कि वित्तीय सुरक्षा का मतलब केवल भविष्य की जरूरतों के लिए तैयारी करना नहीं है, बल्कि मुश्किल परिस्थितियों में भी वित्तीय प्रतिबद्धताओं को जारी रखने की क्षमता विकसित करना है।
उन्होंने कहा कि कंपनी का नया राइडर अप्रत्याशित परिस्थितियों में ग्राहकों की लंबी अवधि की वित्तीय योजनाओं को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। इससे ग्राहकों को अपने वित्तीय भविष्य के प्रति अधिक भरोसे और तैयारी के साथ आगे बढ़ने में मदद मिलेगी।
कंपनी के मुताबिक, ‘वेवर ऑफ प्रीमियम’ राइडर के माध्यम से ग्राहकों को जीवन बीमा योजनाओं के साथ अतिरिक्त सुरक्षा मिलेगी। इसका उद्देश्य जीवन की अनिश्चितताओं के बावजूद बच्चों की शिक्षा, रिटायरमेंट और परिवार की आर्थिक सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण लक्ष्यों को जारी रखने में मदद करना है।


