27 Oct 2026, Tue

रायपुर में 200 छात्राओं का अस्पताल दौरा: डॉक्टर बनने के मिले टिप्स, मेडिकल डायरेक्टर ने बताया सफलता का मंत्र

रायपुर, 27 अक्टूबर। दानी गर्ल्स स्कूल की 200 छात्राओं ने उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान छात्राओं ने अस्पताल की विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाओं, चिकित्सा सेवाओं और मरीजों को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं की कार्यप्रणाली को करीब से समझा। वहीं, अस्पताल के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. विनोद सिंह ने छात्राओं को डॉक्टर बनने के लिए जरूरी तैयारी और सफलता के महत्वपूर्ण टिप्स दिए।

इस शैक्षणिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना और चिकित्सा के क्षेत्र में करियर की संभावनाओं से परिचित कराना था। भ्रमण के दौरान छात्राओं को अस्पताल में संचालित विभिन्न चिकित्सा सेवाओं और स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी दी गई। इससे उन्हें स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में काम करने के तरीकों को समझने और अपने भविष्य के लिए लक्ष्य निर्धारित करने का अवसर मिला।

मेडिकल डायरेक्टर डॉ. विनोद सिंह ने दिए डॉक्टर बनने के टिप्स

उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. विनोद सिंह ने छात्राओं से संवाद किया और उनके सवालों के जवाब दिए। उन्होंने डॉक्टर बनने के लिए आवश्यक तैयारी के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि चिकित्सा का क्षेत्र केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है।

उन्होंने कहा कि चिकित्सा के क्षेत्र में सफलता हासिल करने के लिए नियमित अध्ययन, अनुशासन, धैर्य और कड़ी मेहनत बेहद जरूरी है। इसके साथ ही मरीजों के प्रति संवेदनशीलता और सेवा भावना भी एक अच्छे डॉक्टर के महत्वपूर्ण गुण हैं। उन्होंने छात्राओं को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और लगातार प्रयास करते रहने के लिए प्रेरित किया।

पढ़ें   नवा रायपुर में कल एरोबेटिक सूर्य किरण के जाबांज दिखाएंगे आसमान में करतब : सेना के शौर्य, साहस और अनुशासन का दिखेगा अद्भुत नजारा, छत्तीसगढ़ के फाइटर भी इस टीम में शामिल, देखें पूरा शेड्यूल

अस्पताल की कार्यप्रणाली से हुईं परिचित

कार्यक्रम के दौरान अस्पताल के एचआर दीपजय ने छात्राओं को अस्पताल का भ्रमण कराया और विभिन्न व्यवस्थाओं से परिचित कराया। छात्राओं ने स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन और मरीजों को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।

विद्यालय के प्राचार्य डॉ. हितेश दीवान ने बताया कि दानी गर्ल्स स्कूल छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ उनके सर्वांगीण विकास और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए निरंतर प्रयासरत है। इस तरह के शैक्षणिक भ्रमण से छात्राओं को विभिन्न व्यवसायों की वास्तविक जानकारी मिलती है और वे अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप करियर का चुनाव करने के लिए प्रेरित होती हैं।

इस भ्रमण ने छात्राओं को चिकित्सा क्षेत्र की वास्तविक कार्यप्रणाली समझने के साथ भविष्य में डॉक्टर और अन्य स्वास्थ्य पेशेवर बनने की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *