30 Oct 2026, Fri
Breaking

राजधानी के आसमान में वायुसेना का शक्ति प्रदर्शन, सारंग हेलीकॉप्टरों को देखने छतों पर पहुंचे लोग; 2 नवंबर को होगा भव्य एयर शो

रायपुर, 30 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 से पहले राजधानी रायपुर में शुक्रवार को भारतीय वायुसेना की विश्वप्रसिद्ध ‘सारंग’ हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम ने शानदार उड़ान भरकर लोगों को रोमांचित कर दिया। आसमान में हेलीकॉप्टरों की गड़गड़ाहट सुनते ही शहरवासियों में उत्साह देखने को मिला। लोगों ने घरों, कार्यालयों और विभिन्न इमारतों की छतों से इस नजारे का आनंद लिया और हाथ हिलाकर वायुसेना के जांबाज पायलटों का अभिवादन किया।

कलेक्टोरेट परिसर स्थित मल्टीलेवल पार्किंग की छत से कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुमार बिश्वरंजन, अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी आशीष देवांगन और एसडीएम नभ सिंह कोसले सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सारंग टीम की उड़ान देखी। इस दौरान अधिकारियों ने हाथ हिलाकर पायलटों का उत्साहवर्धन किया।

छतों से दिखा रोमांचक नजारा, बच्चों में खास उत्साह

राजधानी के अलग-अलग इलाकों में सारंग हेलीकॉप्टरों की उड़ान को लेकर खासा उत्साह रहा। जैसे ही हेलीकॉप्टर आसमान में दिखाई दिए, लोगों की निगाहें उन पर टिक गईं। घरों और कार्यालयों की छतों पर खड़े लोगों ने हाथ हिलाकर पायलटों का स्वागत किया। स्कूली बच्चों और युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। कई लोगों ने इस यादगार पल को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया।

भारतीय वायुसेना की शानदार उड़ान ने राजधानी में देशभक्ति और गौरव का माहौल बना दिया। हेलीकॉप्टरों के बेहतरीन समन्वय और उड़ान कौशल ने लोगों को खासा प्रभावित किया।

कलेक्टर बोले- युवाओं में बढ़ेगी देशभक्ति की भावना

कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कहा कि राजधानी के आसमान में भारतीय वायुसेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम का प्रदर्शन रायपुरवासियों के लिए गौरव और उत्साह का क्षण है। वायुसेना के पायलटों का साहस, अनुशासन और उत्कृष्ट उड़ान कौशल देश की सामरिक क्षमता एवं तकनीकी दक्षता का प्रतीक है।

पढ़ें   शासकीय जमीन घोटाले पर भाजपा का बड़ा हमला: “कांग्रेस बन गई अपराधियों की संरक्षक”, अवैध खरीदी-बिक्री में पदाधिकारियों पर गंभीर आरोप, कार्रवाई न होने पर उठे सवाल

उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन विशेष रूप से बच्चों और युवाओं में देशभक्ति की भावना को मजबूत करते हैं। साथ ही, उन्हें भारतीय सशस्त्र सेनाओं में शामिल होकर राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करते हैं।

2 नवंबर को नवा रायपुर में होगा भव्य एयर शो

छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के अवसर पर 2 नवंबर को नवा रायपुर अटल नगर स्थित सेंध लेक क्षेत्र में भारतीय वायुसेना की सारंग टीम भव्य एयर शो करेगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम में वायुसेना के पायलट स्वदेशी हेलीकॉप्टरों के जरिए हैरतअंगेज हवाई करतब, साहसिक उड़ान और बेहतरीन समन्वय का प्रदर्शन करेंगे।

एयर शो सुबह 11 बजे से शुरू होगा। इस आयोजन के जरिए प्रदेशवासियों, खासकर बच्चों और युवाओं को भारतीय वायुसेना के अदम्य साहस, अनुशासन और तकनीकी क्षमता को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed