30 Oct 2026, Fri
Breaking

चार साल में उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल ने बनाई अलग पहचान, सेवा और समर्पण से हासिल की नई ऊंचाइयां, महिला आयोग अध्यक्ष डॉ. ममता साहू ने की अस्पताल की उपलब्धियों की सराहना, बोलीं : “चार वर्षों की उपलब्धि अनुकरणीय मिसाल”

• डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और कर्मचारियों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने समारोह में बांधा समां, स्वास्थ्य जागरूकता पर नाटक ने दिया संदेश

रायपुर, 30 अक्टूबर 2026

चिकित्सा सेवा केवल व्यवसाय नहीं, बल्कि मानवता और समर्पण का भी माध्यम है। इसी संकल्प के साथ राजधानी रायपुर में स्वास्थ्य सेवाएं दे रहे उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल ने अपनी स्थापना के चार वर्ष पूरे कर लिए। इस अवसर पर अस्पताल का चतुर्थ स्थापना दिवस समारोह हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। समारोह में जहां अस्पताल की चार वर्षों की उपलब्धियों और विकास यात्रा को सामने रखा गया, वहीं डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और कर्मचारियों की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

चार साल की उपलब्धि बनी अनुकरणीय मिसाल : डॉ. ममता साहू

समारोह की मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष एवं राज्य मंत्री का दर्जा प्राप्त डॉ. ममता साहू ने अस्पताल की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि चार वर्ष का समय बहुत लंबा नहीं होता, लेकिन इतने कम समय में उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल ने चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में जो उपलब्धियां हासिल की हैं, वे अनुकरणीय हैं। एक निजी अस्पताल होने के बावजूद जिस सेवा भावना और समर्पण के साथ आम लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं, वह सराहनीय है।

उन्होंने अस्पताल की डायरेक्टर नम्रता सिंह, मेडिकल डायरेक्टर डॉ. विनोद सिंह सहित चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और पूरी टीम को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि अस्पताल भविष्य में भी गरीब और जरूरतमंद मरीजों की सेवा इसी समर्पण के साथ करता रहेगा।

स्व. उर्मिला देवी के सेवा भाव को आगे बढ़ाने का संकल्प

अस्पताल की डायरेक्टर नम्रता सिंह ने चार वर्षों की विकास यात्रा साझा करते हुए कहा कि उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल की स्थापना स्वर्गीय श्रीमती उर्मिला देवी की स्मृति और उनके सेवा भाव को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से की गई थी। चार वर्षों में अस्पताल ने इस संकल्प को धरातल पर उतारने की दिशा में निरंतर प्रयास किया है।

पढ़ें   Mahanadi Water Row: ट्रिब्यूनल का एक्शन, CG-ओडिशा से ताज़ा डेटा मांगा, अगली सुनवाई 2 मई

उन्होंने बताया कि उर्मिला फाउंडेशन के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी मंशा के अनुरूप अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने का काम किया जा रहा है। अस्पताल का उद्देश्य केवल इलाज उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि जरूरतमंदों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ दिलाना भी है।

जटिल ऑपरेशनों में विशेषज्ञता, किफायती इलाज पर जोर

मेडिकल डायरेक्टर डॉ. विनोद सिंह ने अस्पताल की चिकित्सा उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि बीते चार वर्षों में यहां गंभीर पेट रोग, हर्निया, पित्त की पथरी, हृदय रोग, मस्तिष्क रोग, हड्डी रोग और स्त्री रोग से संबंधित सैकड़ों सफल एवं जटिल ऑपरेशन किए गए हैं। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम के अनुभव और समर्पण से अस्पताल ने चिकित्सा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है।

उन्होंने कहा कि उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं कम खर्च में उपलब्ध कराना अस्पताल की प्राथमिकता रही है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर और सामान्य वर्ग के मरीजों को भी बेहतर इलाज मिल सके।

जब डॉक्टर और नर्स बने कलाकार, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने जीता दिल

स्थापना दिवस समारोह में चिकित्सा सेवाओं के साथ-साथ अस्पताल परिवार की प्रतिभा और एकजुटता भी देखने को मिली। डॉक्टरों, नर्सों और अन्य कर्मचारियों ने नृत्य, गीत और समूह नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य जागरूकता और सुरक्षा पर आधारित प्रेरक नाटक भी प्रस्तुत किया गया। इसके माध्यम से छोटी-छोटी सावधानियों को अपनाकर गंभीर बीमारियों से बचाव और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व का संदेश दिया गया।

अस्पताल परिवार ने जताया आभार

कार्यक्रम में अस्पताल प्रबंधन की ओर से डायरेक्टर नम्रता सिंह और मेडिकल डायरेक्टर डॉ. विनोद सिंह ने मुख्य अतिथि डॉ. ममता साहू का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। मेडिकल एग्जीक्यूटिव जसपाल भामरा ने भी अस्पताल परिवार की ओर से दोनों निदेशकों का स्वागत किया।

पढ़ें   रायपुर दक्षिण उपचुनाव को लेकर भाजपा की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक : क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को दिए चुनावी दिशा-निर्देश, बड़ी मार्जिन से जीत का लक्ष्य

समारोह के अंत में अस्पताल के सीओओ कृष्ण कुमार दुबे ने मुख्य अतिथि, गणमान्य नागरिकों, चिकित्सकों और कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का सफल मंच संचालन एचआर जयदीप ने किया।

चार वर्षों का यह सफर उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल के लिए केवल एक उपलब्धि नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और बेहतर चिकित्सा सुविधाओं के संकल्प को आगे बढ़ाने का नया पड़ाव भी है।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed