31 Oct 2026, Sat
Breaking

छत्तीसगढ़ में अर्नब तूफान की विदाई के संकेत: बारिश से भीगी कटाई के लिए तैयार धान की फसल, अगले 2 दिन में चढ़ेगा पारा

रायपुर, 31 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर अब कमजोर पड़ने लगा है। इसके साथ ही प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में प्रदेश का अधिकतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। हालांकि, शनिवार को कुछ जिलों में बारिश और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश हुई। लगातार बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। बेमेतरा जिले में दो दिनों से हो रही बारिश के कारण कटाई के लिए तैयार धान की फसल भीग गई है। कई जगहों पर खेतों में खड़ी फसल गिरने की भी खबर है।

बेमेतरा में धान की फसल को नुकसान, किसानों ने मांगा मुआवजा

बेमेतरा जिले में लगातार बारिश से किसानों को आर्थिक नुकसान की आशंका है। किसान ओम वर्मा के मुताबिक, उनकी करीब 25 से 30 प्रतिशत धान की फसल खराब हो चुकी है। यदि बारिश का सिलसिला जारी रहता है तो नुकसान बढ़कर 50 प्रतिशत तक पहुंच सकता है।

खेतों में पानी भरने और नमी बढ़ने से धान के दाने काले पड़ने, सड़ने और अंकुरित होने का खतरा है। किसानों का कहना है कि कटाई के लिए तैयार फसल बारिश में भीगने से उनकी मेहनत पर पानी फिर सकता है। किसानों ने प्रशासन से फसलों का सर्वे कराकर नुकसान का उचित मुआवजा देने की मांग की है।

दो जगहों पर बना कम दबाव का क्षेत्र

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी छत्तीसगढ़ और उससे लगे मध्यप्रदेश के क्षेत्र में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके प्रभाव से प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश हो रही है।

पढ़ें   मन की बात की 137वीं कड़ी: CM साय ने नशामुक्त युवा और हर घर तिरंगा पर दिया जोर; छत्तीसगढ़ की महिमा राजपूत का भी जिक्र

इसके अलावा दक्षिणी अंडमान सागर और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के आसपास भी कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय है। मौसम में हो रहे बदलाव का असर प्रदेश के कुछ इलाकों में देखने को मिल सकता है।

आज बारिश के साथ बिजली गिरने की चेतावनी

मौसम विभाग ने शनिवार को छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में बारिश होने की संभावना जताई है। वहीं, एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है। अगले दो दिनों के बाद भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में बिजली गिरने की आशंका बनी रह सकती है।

रायपुर में छाए रहेंगे बादल, हल्की बारिश के आसार

राजधानी रायपुर में शनिवार को आसमान में बादल छाए रहने का अनुमान है। शहर में एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार, रायपुर में अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

शुक्रवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.9 डिग्री कम रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 21.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक था।

तूफान अर्नब का प्रभाव कम होने के बाद अब प्रदेश में तापमान बढ़ने के संकेत हैं। ऐसे में बारिश से राहत मिलने के साथ ही अगले कुछ दिनों में लोगों को फिर से गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed