कटगी। 70वीं राष्ट्रीय स्तर शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन 23 से 28 अक्टूबर तक दिल्ली में किया गया। प्रतियोगिता में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कटगी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और क्षेत्र का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया।
प्रतियोगिता में 19 वर्ष बालिका वर्ग में कु. दिव्या कैवर्त्य ने गतका के सिंगल सोंटी इवेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वहीं 17 वर्ष बालिका वर्ग में कु. सिम्मी साहू और कु. प्राची यादव ने सिंगल सोंटी टीम स्पर्धा में अपनी प्रतिभा दिखाई। इसके अलावा 17 वर्ष बालक वर्ग में रितिक देवांगन ने सिंगल सोंटी टीम स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन किया।

खिलाड़ियों की इस उपलब्धि में विद्यालय के पीटीआई आलोक मिश्रा का विशेष योगदान रहा। उन्हें छत्तीसगढ़ दल के प्रबंधक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी सौंपी गई थी। यह उनकी टीम भावना, समर्पण और खेलों के प्रति सेवाभाव को दर्शाता है।

आलोक मिश्रा के कुशल मार्गदर्शन में विद्यालय के विद्यार्थियों का लगातार कई वर्षों से जिला एवं राज्य स्तर के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में चयन होता रहा है। उनके मार्गदर्शन में खिलाड़ी निरंतर बेहतर प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र को गौरवान्वित कर रहे हैं।
इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्राचार्य एल.एन. केवड़ा सहित समस्त विद्यालय परिवार, शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष कमलेश देवांगन एवं सदस्यगण, सरपंच जयसिंह पैकरा, सह कोच अविनाश जायसवाल, कु. मोनिका साहू सहित अनेक लोगों ने खिलाड़ियों और प्रशिक्षक को बधाई दी। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगे भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।


