कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक और युवती की मौत हो गई। कुसमुंडा थाना क्षेत्र के कुसमुंडा-गेवरा मुख्य मार्ग पर एक्टिवा और बाइक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में सवार युवक-युवती सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान वहां से गुजर रहे तेज रफ्तार भारी वाहन की चपेट में आने से दोनों की जान चली गई।
टक्कर के बाद सड़क पर गिरे युवक-युवती
जानकारी के मुताबिक, कुसमुंडा-गेवरा मुख्य मार्ग पर एक्टिवा और बाइक के बीच टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन सवार अपना संतुलन खो बैठे और सड़क पर गिर गए। इसी दौरान वहां से गुजर रहे भारी वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बाइक सवार युवक भारी वाहन के पहिए के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक्टिवा सवार युवती भी गंभीर रूप से घायल हो गई और उसने भी घटनास्थल पर दम तोड़ दिया।

मौके पर पहुंची पुलिस, जांच जारी
हादसे के बाद घटनास्थल पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल 112 और संजीवनी एंबुलेंस को सूचना दी। इसके साथ ही कुसमुंडा थाना पुलिस को भी घटना की जानकारी दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी ली। फिलहाल दोनों मृतकों की पहचान कराने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।


