बलौदाबाजार। जिला मुख्यालय के पुराना बस स्टैंड स्थित एक्स्ट्राऑर्डिनरी क्लास वर्ल्ड स्कूल की कक्षा आठवीं की छात्रा कुंजल साहू ने स्टेट कराटे चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। भिलाई में आयोजित राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता में यह उपलब्धि हासिल कर कुंजल ने जिले के साथ-साथ पूरे नगर को गौरवान्वित किया है।
कुंजल साहू बलौदाबाजार के काली नगर निवासी राजेंद्र प्रसाद साहू एवं सरोज साहू की सुपुत्री हैं। उनकी इस सफलता से परिवारजनों, विद्यालय के शिक्षकों और नगरवासियों में खुशी का माहौल है।

छात्रा की इस उपलब्धि पर विद्यालय संचालक अभिषेक तिवारी एवं टुकेश्वर वर्मा, प्राचार्य संजय पाणिग्राही, कक्षा शिक्षक रवि शंकर श्रीवास सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने हर्ष व्यक्त किया। उन्होंने कुंजल को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उम्मीद जताई कि वह आगे भी इसी तरह अपनी प्रतिभा से जिले और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।



