6 Nov 2026, Fri

रायपुर में भीम आर्मी का प्रदर्शन पड़ा भारी: प्रदेश अध्यक्ष समेत 11 पर FIR, सड़क जाम कर लगाए PM मोदी के खिलाफ नारे

रायपुर, 06 नवंबर 2026। राजधानी रायपुर में पुलिस भर्ती अभ्यर्थियों के समर्थन में प्रदर्शन करना भीम आर्मी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को भारी पड़ गया। कोतवाली थाना पुलिस ने भीम आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश आजाद समेत 11 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने ओसीएम चौक के पास मुख्य सड़क पर बैठकर आवागमन बाधित किया और जमकर नारेबाजी की।

जानकारी के मुताबिक, पुलिस भर्ती अभ्यर्थियों की मांगों के समर्थन में भीम आर्मी के बैनर तले करीब 100 से 150 कार्यकर्ता मुख्यमंत्री निवास की ओर मार्च करते हुए निकले थे। इस दौरान प्रदर्शनकारी ओसीएम चौक पहुंचे और मुख्य सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ भी नारे लगाए।

प्रदर्शन के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह प्रभावित होने से आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्थिति यह रही कि मरीजों को अस्पताल लेकर जा रही एंबुलेंस और स्कूली बच्चों को घर छोड़ने वाली बसें भी जाम में फंस गईं।

पुलिस ने लाउडस्पीकर से दी समझाइश, नहीं हटे प्रदर्शनकारी

प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस अधिकारियों ने लाउडस्पीकर के माध्यम से प्रदर्शनकारियों को समझाइश दी और उन्हें नवा रायपुर के तूता स्थित निर्धारित धरना स्थल पर जाकर प्रदर्शन करने के लिए कहा। हालांकि, कार्यकर्ता मुख्य सड़क से हटने और रास्ता खोलने को तैयार नहीं हुए।

प्रदेश अध्यक्ष और जिला अध्यक्ष समेत 11 लोगों पर मामला दर्ज

पुलिस की समझाइश के बाद भी सड़क से प्रदर्शनकारियों के नहीं हटने और यातायात बाधित होने पर कोतवाली थाना पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस ने प्रदेश अध्यक्ष दिनेश आजाद, जिला अध्यक्ष देवेंद्र मैरिसा, युवराज ढीढी समेत 11 लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है।

पढ़ें   CG विधानसभा बजट सत्र का 8वां दिन आज: आयुष्मान कार्ड और रासायनिक अपशिष्ट का मुद्दा गूंजेगा, कई विभागों की अनुदान मांगों पर चर्चा

पुलिस के मुताबिक, सार्वजनिक मार्ग बाधित करने के मामले में आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed