रायपुर, 9 नवंबर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। दीपावली का त्योहार मनाने अपने गृहग्राम जा रहा परिवार हादसे का शिकार हो गया। अभनपुर क्षेत्र के टीला एनीकट के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी। हादसे में पति-पत्नी और उनके दो मासूम बच्चों की जान चली गई।
दीपावली मनाने जा रहा था परिवार
जानकारी के मुताबिक, रायपुर के लक्ष्मीनगर निवासी शीतल साहू (44 वर्ष) अपनी पत्नी भारती साहू, बेटे और बेटी के साथ दीपावली मनाने गरियाबंद जिले के अपने गृहग्राम पसौद जा रहे थे। इसी दौरान रविवार देर रात करीब 1 बजे उनकी कार अभनपुर के टीला एनीकट के पास पहुंची। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे नदी में जा गिरी।

एक ही परिवार के चार लोगों की मौत
हादसा इतना गंभीर था कि कार सवार चारों लोगों की जान चली गई। मृतकों में शीतल साहू, उनकी पत्नी भारती साहू और उनके दोनों बच्चे शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। नदी से चारों के शव बाहर निकाले गए। इसके बाद पंचनामा कार्रवाई कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

हादसे की वजह तलाश रही पुलिस
घटना के बाद गोबरा नवापारा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी में कार के अनियंत्रित होकर नदी में गिरने की बात सामने आई है। हालांकि, वाहन चालक का नियंत्रण किन परिस्थितियों में बिगड़ा, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।


