रायपुर, 10 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ ने पांचवीं राष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन ट्रॉफी अपने नाम कर ली। प्रतियोगिता का आयोजन 31 अक्टूबर और 1 नवंबर को प्रभु श्रीराम के ननिहाल माता कौशल्या धाम, चंदखुरी (रायपुर) में किया गया। इसमें छत्तीसगढ़ सहित देश के आठ राज्यों के लगभग 200 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
यह प्रतियोगिता शोतो स्पोर्ट्स कराटे डू इंडिया एसोसिएशन एवं सांस्कृतिक खेलकला संघ छत्तीसगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की गई। इसमें झारखंड, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिशा, तेलंगाना, तमिलनाडु, कर्नाटक और छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने विभिन्न वर्गों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने सर्वाधिक पदक जीतकर चैंपियन ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।

प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों और टीम को छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

अतिथियों की उपस्थिति में हुआ शुभारंभ
उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि भरत दास मानिकपुरी, प्रदेश अध्यक्ष मानिकपुरी (पनिका) समाज एवं उपाध्यक्ष सरपंच संघ छत्तीसगढ़ थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता माता कौशल्या मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष रामस्वरूप वर्मा ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में मोरध्वज मरकाम, भाजपा युवा प्रकोष्ठ महामंत्री उपस्थित रहे।
इस अवसर पर संगठन के कोषाध्यक्ष दिव्या महंत, सह सचिव दामिनी साहू, नेहा तुरकाने, उपाध्यक्ष यश दीवान, अतीक्षा महंत, डिजेंद्र कुर्रे, छोटू धीवर एवं हरीश सोनवानी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
विभिन्न राज्यों से पहुंचे कराटे प्रशिक्षक
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों से कराटे प्रशिक्षकों एवं विशेषज्ञों ने भी हिस्सा लिया। इनमें महाराष्ट्र से ग्रैंड मास्टर राजाराम, मध्यप्रदेश से सेंसाई संतोष पारधी, झारखंड से सेंसाई मिश्टू रानी एवं सेंसाई सुधाकर, महाराष्ट्र से सिहान मनोहर, झारखंड से सिहान संतोष कुमार, ओडिशा से सनातन सर, तेलंगाना से संतोष रेड्डी तथा कर्नाटक से सिहान विनोद शिमोगा प्रमुख रूप से शामिल रहे।
समापन समारोह में खिलाड़ियों का सम्मान
समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि उद्योगपति एवं जनसेवक बसंत अग्रवाल रहे। इस दौरान पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष रविशंकर धीवर और माता कौशल्या मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष रामस्वरूप वर्मा भी उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि बसंत अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ की विजेता टीम और सभी चैंपियन खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल प्रतियोगिताएं युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में भी इसी तरह बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
आयोजन के महासचिव ईशांत महंत ने बताया कि प्रतियोगिता में करीब 200 खिलाड़ियों ने भाग लिया। उन्होंने सफल आयोजन के लिए सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों और सहयोगियों का आभार जताया। साथ ही आयोजन को सफल बनाने वाली पूरी टीम को बधाई दी।


