11 Nov 2026, Wed
Breaking

रायपुर में दीपक टंडन और पत्नी पर एक और FIR: होटल की सरकारी सील तोड़कर कब्जा करने का आरोप, 4 दिन पहले हुए थे गिरफ्तार

रायपुर, 10 नवंबर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में होटल कारोबारी दीपक टंडन और उनकी पत्नी बरखा टंडन की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। दोनों के खिलाफ तेलीबांधा थाने में एक और FIR दर्ज की गई है। इस बार मामला होटल की संपत्ति पर कथित कब्जा करने, नगर निगम की सरकारी सील तोड़ने और जबरन प्रवेश करने से जुड़ा है। पुलिस ने आर्ट ऑफ लिविंग की छत्तीसगढ़ प्रमुख सरिता बाजपेयी की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की आठ धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

शिकायत में दंपती पर ताला तोड़ने, अश्लील हरकत करने और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इससे पहले 6 नवंबर को बिलासपुर पुलिस ने दीपक टंडन को AI से तस्वीरों में छेड़छाड़ और कथित ब्लैकमेलिंग के मामले में गिरफ्तार किया था।

लीज खत्म होने के बाद शुरू हुआ संपत्ति विवाद

FIR के मुताबिक, सरिता बाजपेयी ने वर्ष 2021 में अपनी संपत्ति होटल और बैंक्वेट हॉल संचालित करने के लिए दीपक टंडन को लीज पर दी थी। इस संपत्ति में होटल बेलाकासा श्री का संचालन किया जा रहा था।

लीज की शुरुआती अवधि वर्ष 2024 में समाप्त हो गई थी। इसके बाद आपसी सहमति से इसे दो बार 11-11 महीने के लिए बढ़ाया गया। लीज की अंतिम अवधि 7 अप्रैल 2026 को समाप्त हो गई थी।

शिकायतकर्ता के अनुसार, करीब एक साल से किराया भी नियमित रूप से नहीं दिया जा रहा था। वहीं, प्रॉपर्टी टैक्स जमा नहीं होने के कारण नगर निगम ने 18 अगस्त 2026 को होटल को सील कर दिया था।

पढ़ें   रायपुर: वीआईपी रोड स्थित बेबीलॉन टॉवर की सातवीं मंजिल से युवक ने लगाई छलांग, मौके पर मौत, पुलिस जांच में जुटी

नगर निगम की सील तोड़कर अंदर घुसने का आरोप

सरिता बाजपेयी ने आरोप लगाया कि 23 अगस्त को जब वह संपत्ति का कब्जा लेने पहुंचीं, तब बरखा टंडन, दीपक टंडन और उनके कर्मचारी नगर निगम की सील तोड़कर होटल के अंदर मौजूद थे। इसकी शिकायत नगर निगम में की गई, जिसके बाद संपत्ति को दोबारा सील कर दिया गया।

FIR के अनुसार, 30 सितंबर को चाबी सौंपने की बात हुई थी। इसके बाद 26 अक्टूबर को नगर निगम जोन-10 के कर्मचारियों ने पुलिस की मौजूदगी में सील खोली और पंचनामा तैयार किया।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि अगले दिन यानी 27 अक्टूबर को जब वह अपने साथी के साथ होटल पहुंचीं, तो बरखा टंडन, दीपक टंडन और उनके साथियों ने मुख्य गेट और अंदर के ताले तोड़ दिए। इसके बाद वे कथित तौर पर जबरन संपत्ति में दाखिल हो गए।

BNS की आठ धाराओं में मामला दर्ज

तेलीबांधा थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर दीपक टंडन, बरखा टंडन और अन्य के खिलाफ BNS की धारा 126(2), 296, 3(5), 324(4), 329(4), 331(2), 331(5) और 351(2) के तहत FIR दर्ज की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

6 नवंबर को बिलासपुर पुलिस ने किया था गिरफ्तार

इससे पहले 6 नवंबर को बिलासपुर की सिरगिट्टी पुलिस ने दीपक टंडन को रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर स्थित रजत प्राइम अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया था। यह कार्रवाई बिलासपुर निवासी मणिशंकर पांडे की शिकायत पर की गई थी।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उनकी तस्वीरों के साथ AI तकनीक के जरिए छेड़छाड़ कर आपत्तिजनक सामग्री तैयार की गई। इसके बाद न्यूज पोर्टल और सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें प्रसारित की गईं।

पढ़ें   तेरहवीं शताब्दी के प्राचीन शिव-हनुमान मंदिर पहुंचे CM विष्णुदेव साय : फणिनागवंशी राजाओं की नागर शैली में निर्मित मंदिरों को बताया आस्था और विरासत का प्रतीक

आरोप है कि इस सामग्री का इस्तेमाल उनकी छवि खराब करने और ब्लैकमेल करने के लिए किया गया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने दीपक टंडन के पास से दो मोबाइल फोन जब्त किए थे। मामले में डिजिटल सामग्री की जांच की जा रही है।

दोनों मामलों की जांच अलग-अलग

दीपक टंडन से जुड़े दोनों मामले अलग-अलग हैं। बिलासपुर में दर्ज मामला AI के जरिए तस्वीरों से छेड़छाड़ और कथित ब्लैकमेलिंग से संबंधित है, जबकि रायपुर में दर्ज नई FIR होटल की संपत्ति, सरकारी सील तोड़ने और कब्जे के विवाद से जुड़ी है।

फिलहाल तेलीबांधा थाना पुलिस नई FIR की जांच कर रही है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed