रायपुर, 11 नवंबर। राजधानी रायपुर में पुलिस को चकमा देकर फरार हुआ मादक पदार्थ तस्करी का संदिग्ध आरोपी मुशर्रफ खान आखिरकार तीन घंटे के भीतर दोबारा पकड़ लिया गया। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और मौदहापारा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर उसे अपनी अभिरक्षा में ले लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, 10 नवंबर की शाम पुलिस को सूचना मिली थी कि रजबंधा मैदान के पास एक युवक प्रतिबंधित मादक पदार्थ रखकर ग्राहकों की तलाश कर रहा है। सूचना के आधार पर मौदहापारा थाना पुलिस और एंटी नारकोटिक्स सेल की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और मुशर्रफ खान को पकड़ लिया।

पूछताछ के दौरान पुलिस को चकमा देकर भागा

पकड़े गए युवक की पहचान मुशर्रफ खान (24), पिता मुख्तार खान, निवासी मौदहापारा के रूप में हुई है। पुलिस टीम मौके पर उससे पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान आरोपी ने अंधेरे और आसपास की तंग गलियों का फायदा उठाया और पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।
तीन घंटे में पुलिस ने दोबारा दबोचा
आरोपी के फरार होने के बाद ANTF और मौदहापारा थाना पुलिस की टीमों ने तत्काल तलाश शुरू की। संयुक्त टीम ने इलाके में घेराबंदी की और करीब तीन घंटे के भीतर मुशर्रफ खान को दोबारा पकड़ लिया। इसके बाद उसे फिर से पुलिस अभिरक्षा में ले लिया गया।
पूछताछ और तलाशी जारी
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ करने के साथ नियमानुसार तलाशी की कार्रवाई कर रही है। पूछताछ और तलाशी में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।


