11 Nov 2026, Wed
Breaking

15 नवंबर को धरमजयगढ़ में मनेगा जनजातीय गौरव दिवस: नितिन नवीन होंगे मुख्य अतिथि, स्मृति ईरानी ने तैयारियों का लिया जायजा

रायपुर, 11 नवंबर। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर 15 नवंबर को रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस का भव्य आयोजन होगा। समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम में जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत, समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को रेखांकित किया जाएगा।

आयोजन की तैयारियों का जायजा लेने बुधवार को छत्तीसगढ़ भाजपा की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी धरमजयगढ़ के दशहरा मैदान पहुंचीं। उन्होंने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर मंच निर्माण, बैठक व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सुरक्षा, पार्किंग और आवागमन सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए।

प्रदर्शनी में दिखेंगी सरकारी योजनाओं की उपलब्धियां

स्मृति ईरानी ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए जाने वाले प्रदर्शनी स्टॉलों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को प्रदर्शनी आकर्षक और जानकारीपूर्ण बनाने के निर्देश दिए। यहां जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका, कृषि, महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास और रोजगार से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

प्रदर्शनी में स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, कृषि, वन, ऊर्जा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा उद्योग एवं रोजगार विभाग सहित कई विभाग अपनी योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित करेंगे। इसके माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया और जनजातीय हितग्राहियों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी मिलेगी।

जनजातीय विरासत और योगदान को मिलेगा सम्मान

स्मृति ईरानी ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक अस्मिता और राष्ट्रीय एकता के बीच मजबूत सेतु है। यह दिन जनजातीय वीरों के बलिदान को याद करने के साथ उनके संघर्ष, साहस और स्वाभिमान से प्रेरणा लेने का अवसर भी है।

पढ़ें   डौंडीलोहारा में CM विष्णुदेव साय का बहनों को रक्षाबंधन गिफ्ट: महतारी वंदन की 31वीं किस्त जारी, 67 लाख से ज्यादा महिलाओं को ₹631 करोड़

उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर आयोजित यह कार्यक्रम युवा पीढ़ी को जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, परंपरागत ज्ञान और सांस्कृतिक धरोहर से परिचित कराएगा। जनजातीय समाज का योगदान भारत की सभ्यता, संस्कृति और राष्ट्र निर्माण की अमूल्य विरासत है।

ओपी चौधरी ने अधिकारियों को दिए निर्देश

वित्त मंत्री और रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने भी आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में आने वाले अतिथियों और आम नागरिकों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए।

इस दौरान राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लता उसेंडी, कृषि मंत्री एवं रायगढ़ जिले के प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम, वन मंत्री केदार कश्यप, सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह सहित जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

धरमजयगढ़ में आयोजित यह राज्य स्तरीय समारोह जनजातीय समाज की गौरवशाली परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक योगदान को सम्मान देने के साथ सामाजिक समरसता और जनजातीय समुदायों के विकास का संदेश देगा।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed