16 Nov 2026, Mon

शहर को मिलेगा आधुनिक नगर निगम कार्यालय, 16.95 करोड़ से बना भवन आज जनता के लिए खुलेगा

खंडवा
शहर को 16 नवंबर दोपहर तीन बजे जनता को आधुनिक नगर निगम कार्यालय भवन की सौगात मिलेगी। इसका लोकार्पण मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव करेंगे। नगर निगम का नया भवन आधुनिकता के साथ भारतीय धार्मिक विरासत की झलक भी दिखाएगा। 16 करोड़ 95 लाख रुपए की लागत से तैयार जी 4 भवन को पूरी तरह तीर्थ स्थलों की थीम पर विकसित किया गया है। यहां 12 ज्योतिर्लिंग, चारधाम और महापुरुषों के नाम से कक्षों की पहचान होगी।

सीएम हाउस से महापौर के पास आया फोन, तैयारियां शुरू
15 नवंबर को दोपहर करीब तीन बजे मुख्यमंत्री निवास से महापौर अमृता यादव के पास फोन आया। सूचना मिली कि मुख्यमंत्री सोमवार को जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम के दौरान नए निगम भवन का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद निगम का पूरा अमला तैयारियों में जुट गया। देर रात तक साफ-सफाई, लाइटिंग और साज-सज्जा का काम चलता रहा। भवन को सजाने के लिए दो क्विंटल से अधिक फूल-मालाएं मंगाई गईं। परिसर को रोशनी और फूलों से सजाया गया है। सोमवार दोपहर तीन बजे लोकार्पण प्रस्तावित है।

विधानसभा की तर्ज पर बनेगा परिषद सभागृह
नया भवन जी फोर संरचना में तैयार किया गया है। इसमें कुल 88 कक्ष और 22 काउंटर प्रस्तावित हैं। प्रत्येक मंजिल का क्षेत्रफल करीब 15 हजार वर्ग फुट है। यहां नागरिकों को अलग-अलग विभागों के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। परिषद सभागृह भी विधानसभा भवन की तर्ज पर तैयार किया गया है। भवन में आधुनिक लिफ्ट लगाई गई हैं। मुख्य द्वार पर सेंसर आधारित ऑटोमेशन सिस्टम है। प्रवेश करते ही गेट अपने आप खुल जाएगा। बिजली की जरूरत पूरी करने के लिए चौथी मंजिल की छत पर सोलर सिस्टम लगाया गया है।

पढ़ें   बाढ़ आपदा में मध्यप्रदेश सरकार बनी छत्तीसगढ़ का संबल : CM मोहन यादव ने भेजी ₹5 करोड़ की मदद और राहत सामग्री, CM विष्णुदेव साय ने जताया आभार कहा- 'संकट की घड़ी में आत्मीय बंधन से जुड़ा है दोनों राज्यों का रिश्ता'

तीर्थ स्थलों के नाम से होंगे कार्यालय
भवन के कक्षों को अलग पहचान देने के लिए धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को आधार बनाया गया है। रामेश्वरम, ओंकारेश्वर, मल्लिकार्जुन, नागेश्वर, बैद्यनाथ, सोमनाथ और महाकालेश्वर सहित 12 ज्योतिर्लिंग के नाम पर कक्ष रखे गए हैं। चारधाम और महापुरुषों के नाम भी कार्यालयों को दिए गए हैं। इससे भवन की हर मंजिल और कार्यालय की पहचान आसान होगी।

7 साल में 3 गुना बढ़ी लागत, 18 माह में तैयार हुआ भवन
नए भवन की योजना जुलाई 2019 में तत्कालीन महापौर की अध्यक्षता में मेयर इन काउंसिल की बैठक में बनी थी। उस समय 5.29 करोड़ रुपए की लागत प्रस्तावित की गई थी। कोरोना महामारी के कारण निर्माण कार्य शुरू होने में देरी हुई। महापौर अमृता यादव की अध्यक्षता में वर्ष 2024 में नवीन भवन का निर्माण शुरू हो सका। अक्टूबर 2026 में भवन तैयार हुआ। निर्माण में 18 महीने से अधिक समय लगा। शुरुआती अनुमान के मुकाबले लागत बढ़कर 16.95 करोड़ रुपए पहुंच गई। यानी प्रस्तावित लागत से करीब 11.66 करोड़ रुपए अधिक खर्च हुए। बताया गया कि नई एमआईसी ने भवन को और आधुनिक और जनता और कर्मचारियों को सहूलियत के लिए सुविधाएं बढ़ा दी है।

Share

 

 

 

 

 

By Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *