16 Nov 2026, Mon

. कुलगाम में फिर आतंकियों पर बड़ा प्रहार: लश्कर का आखिरी कमांडर लतीफ भट समेत 2 आतंकी ढेर, CRPF हमले का लिया बदला

जम्मू, 16 नवंबर। दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के लारू इलाके में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। यहां आतंकियों के साथ हुई मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकियों को मार गिराया गया है। मारे गए आतंकियों में संगठन का आखिरी सक्रिय कमांडर बताया जा रहा मोहम्मद लतीफ भट भी शामिल है।

जानकारी के मुताबिक, कुलगाम में सीआरपीएफ की टीम पर हुए हमले के बाद से ही सुरक्षाबलों का तलाशी अभियान जारी था। आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी कर संयुक्त अभियान शुरू किया। इसी दौरान आतंकियों और जवानों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें दोनों आतंकी मारे गए।

CRPF की नाका पार्टी पर किया था हमला

गौरतलब है कि 11 नवंबर 2026 को मोटरसाइकिल सवार आतंकियों ने कुलगाम के अखरान गांव में सीआरपीएफ की नाका पार्टी को निशाना बनाया था। आतंकियों ने महज 15 सेकंड में करीब 30 राउंड गोलियां चलाई थीं। इस हमले में सीआरपीएफ के तीन जवान गंभीर रूप से घायल हो गए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद आतंकी मौके से फरार हो गए थे। इसके बाद से ही सुरक्षा एजेंसियां उनकी तलाश में जुटी थीं।

कौन था मोहम्मद लतीफ भट?

मोहम्मद लतीफ भट दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के खेरवान इलाके का रहने वाला था। सुरक्षा एजेंसियां उसे लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा स्थानीय आतंकी मानती थीं। उसका नाम लश्कर के सहयोगी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) से भी जुड़ता रहा है।

लतीफ पहली बार शोपियां में सुरक्षाबलों के साथ हुई मुठभेड़ के दौरान चर्चा में आया था। उस समय वह लश्कर के आतंकी जाकिर गनई के साथ घिर गया था। पांच दिनों तक चले अभियान में सुरक्षाबलों ने जाकिर गनई को मार गिराया था, जबकि लतीफ भागने में सफल रहा था। इसके बाद से ही सुरक्षा एजेंसियां उसकी तलाश कर रही थीं।

पढ़ें   चंदा देवी तिवारी हॉस्पिटल में लगेगा नि:शुल्क दंत चिकित्सा शिविर, 20 सितंबर को होगा आयोजन

दो आतंकियों के मारे जाने को दक्षिण कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ अभियान की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *