रायपुर, 17 नवंबर। राजधानी रायपुर में प्रतिबंधित पाकिस्तानी गोरी क्रीम की बिक्री का मामला सामने आने के बाद अब बिना लाइसेंस क्रीम बनाने का कारोबार भी पकड़ा गया है। फूड एंड ड्रग विभाग की टीम ने महावीर नगर में छापा मारकर क्रीम बनाने के एक ठिकाने से बड़ी मात्रा में सामग्री जब्त की है। यहां पिछले करीब एक साल से क्रीम बनाने का काम चल रहा था, जबकि संचालक का लाइसेंस समाप्त हो चुका था।
जानकारी के मुताबिक, विभाग की टीम ने महेंद्र सचदेवा के क्रीम निर्माण केंद्र पर दबिश दी। जांच के दौरान मौके पर मॉम व्हाइटनिंग क्रीम, ग्लैमरिक्स और क्विंज पर्ल फेस सीरम मिले। टीम ने इन उत्पादों के साथ क्रीम बनाने और पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी जब्त की है।

कार्रवाई के दौरान संचालक महेंद्र सचदेवा ने अधिकारियों को बताया कि उन्हें जानकारी नहीं थी कि उनके लाइसेंस की अवधि समाप्त हो चुकी है। विभाग ने सामग्री जब्त कर मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है।

गोल बाजार में पाकिस्तानी गोरी क्रीम की बिक्री का भी खुलासा
इससे पहले रायपुर के गोल बाजार में पाकिस्तान में बनी प्रतिबंधित गोरी क्रीम की बिक्री का मामला सामने आया था। सूचना मिलने पर ड्रग विभाग की टीम ने कॉस्मेटिक दुकानों में जांच की। इस दौरान ओम ब्यूटी सेंटर से 236 प्रतिबंधित क्रीम जब्त की गईं। इनमें 218 गोरी क्रीम और 18 चांदनी क्रीम शामिल हैं। जब्त उत्पादों की कीमत करीब 1.25 लाख रुपए बताई गई है।
दैनिक भास्कर की पड़ताल में सामने आया था कि केंद्र सरकार की ओर से पाकिस्तानी उत्पादों के आयात पर प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद बाजार में यह क्रीम 300 से 550 रुपए तक में बेची जा रही थी। दुकानदार ग्राहकों को क्रीम लगाने से चेहरा गोरा होने का दावा कर रहे थे।
ग्राहक बनकर पहुंची टीम को दुकानदार ने 300 रुपए में दी क्रीम
भास्कर की पड़ताल के दौरान एक दुकानदार ने ऑनलाइन कीमत 800 रुपए बताकर वही क्रीम 300 रुपए में देने की पेशकश की। दुकानदार ने क्रीम को मेड इन पाकिस्तान बताते हुए उसके इस्तेमाल से चेहरे का रंग बदलने का दावा किया।
वहीं, एक थोक कॉस्मेटिक विक्रेता ने शुरुआत में क्रीम पहचानने से इनकार किया, लेकिन ग्राहक के खुद को आरंग का दुकानदार बताने पर उसने 300 से 500 पीस तक का ऑर्डर देने की बात कही। कुछ अन्य दुकानों पर गोरी क्रीम नहीं मिलने पर उसके विकल्प के रूप में दूसरी व्हाइटनिंग क्रीम और फेसवॉश बेचे जा रहे थे।
2 मई 2025 से पाकिस्तानी उत्पादों के आयात पर प्रतिबंध
केंद्र सरकार ने 2 मई 2025 को अधिसूचना जारी कर पाकिस्तान में बने या वहां से निर्यात किए जाने वाले सभी सामानों के सीधे या किसी अन्य व्यापार मार्ग से आयात पर प्रतिबंध लगा दिया था। इसके बावजूद रायपुर के बाजारों में मेड इन पाकिस्तान लिखे उत्पाद मिलने से प्रतिबंध के पालन और इनकी सप्लाई पर सवाल उठ रहे हैं।
सीडीएससीओ ने भी जारी किया था अलर्ट
केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (CDSCO) ने 8 सितंबर 2026 को देशव्यापी अलर्ट जारी कर गोरी ब्यूटी क्रीम और चांदनी व्हाइटनिंग क्रीम को भारत में बिक्री के लिए अनधिकृत घोषित किया था। न्यूजीलैंड की दवा नियामक संस्था मेडसेफ ने भी दिसंबर 2021 में गोरी क्रीम के कुछ संस्करणों में पारा और सीसा पाए जाने के बाद चेतावनी जारी की थी।
क्रीम में पारा मिलने से किडनी और नर्वस सिस्टम को खतरा
रिपोर्ट के मुताबिक, नागपुर में किडनी की समस्या से जूझ रही करीब 18 महिलाओं के नियमित रूप से गोरी क्रीम इस्तेमाल करने की बात सामने आई थी। इसके बाद क्रीम के नमूनों की जांच कराई गई। महाराष्ट्र FDA की जांच में पारे (मरकरी) की मात्रा निर्धारित सुरक्षित सीमा से कई गुना अधिक पाई गई थी।
डीकेएस अस्पताल के बर्न एवं प्लास्टिक सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. दक्षेश शाह के मुताबिक, क्रीम में मौजूद मरकरी किडनी को गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है। इसका नर्वस सिस्टम पर भी बुरा असर पड़ता है। गंभीर मामलों में न्यूरोलॉजिकल समस्याएं और पैरालिसिस तक का खतरा हो सकता है।


