रायपुर, 17 नवंबर। छत्तीसगढ़ में IAS, IPS और अखिल भारतीय सेवाओं के अधिकारियों को राज्य सरकार ने बड़ी राहत दी है। शासन ने अधिकारियों के महंगाई भत्ते (DA) में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर दी है। इसके बाद अब अधिकारियों को 60 प्रतिशत के बजाय 63 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा। इस संबंध में राज्य शासन ने आदेश जारी कर दिया है। बढ़ी हुई दर 1 जुलाई 2026 से लागू होगी। खास बात यह है कि जुलाई से अक्टूबर तक की बकाया राशि का भुगतान भी नकद किया जाएगा।
दरअसल, केंद्रीय वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग ने 29 अक्टूबर 2026 को केंद्र सरकार के कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत की वृद्धि की थी। इसके बाद अखिल भारतीय सेवाओं के महंगाई भत्ता नियम, 1972 के प्रावधानों के तहत यह बढ़ी हुई दर छत्तीसगढ़ में पदस्थ अखिल भारतीय सेवाओं के अधिकारियों पर भी लागू की गई है।

अधिक भुगतान होने पर होगी वसूली

शासन के आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यदि किसी अधिकारी को निर्धारित दर से अधिक महंगाई भत्ते का भुगतान हो जाता है, तो अतिरिक्त राशि संबंधित अधिकारी से वसूल की जाएगी। वहीं, एरियर का भुगतान उसी कार्यालय के माध्यम से किया जाएगा, जहां से संबंधित अवधि में अधिकारी का वेतन आहरित किया गया था।
संबंधित कार्यालयों को वेतन पर्चियों में आवश्यक संशोधन कर बढ़े हुए महंगाई भत्ते का भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। पहले से किए गए भुगतान का समायोजन भी किया जाएगा।


